पौड़ी। विश्व दिव्यांग दिवस के अवसर पर समाज कल्याण विभाग के तत्वावधान में जिला चिकित्सालय पौड़ी में सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित विधायक राजकुमार पोरी सहित अन्य अतिथियों ने दक्ष दिव्यांगजनो को सम्मानित किया।
विधायक राजकुमार पोरी ने कहा कि दिव्यांगजन हमारे समाज की महत्वपूर्ण शक्ति हैं और उनकी क्षमताएँ किसी भी प्रकार से कम नहीं आँकी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि राज्य एवं केंद्र सरकार द्वारा दिव्यांगजनों के कल्याण, पुनर्वास, प्रशिक्षण, रोजगार, स्वास्थ्य एवं सामाजिक सुरक्षा से संबंधित जो योजनाएँ चलायी जा रही हैं, वे न केवल उनकी प्रतिभा और दक्षता को आगे बढ़ाने में सहायक हैं, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर और सम्मानजनक जीवन की ओर भी अग्रसर कर रही हैं।
नगर पालिकाध्यक्ष हिमानी नेगी ने कहा कि विश्व दिव्यांग दिवस समाज में दिव्यांगजनों के सम्मान, अधिकारों और गरिमा को सशक्त रूप से स्थापित करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजन अपनी प्रतिभा, मेहनत और दृढ़ इच्छाशक्ति के बल पर विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियाँ प्राप्त कर रहे हैं, और उनके योगदान का सम्मान करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।

सिविल जज (सीनियर डिवीजन) सचिव/जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नाजिश कलीम ने बताया कि दिव्यांगजन हमारे समाज का अभिन्न हिस्सा हैं और उनके अधिकारों की रक्षा तथा आवश्यक सहायता उपलब्ध कराना प्राधिकरण की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा दिव्यांगजनों को पेंशन प्रकरण, आय व दिव्यांग प्रमाणपत्र, आवश्यक दिव्यांग उपकरण, क्षतिपूर्ति दावे, सरकारी योजनाओं में सहायता पात्रता, बैंक-बीमा मामलों, घरेलू व सामाजिक विवादों तथा अन्य विधिक प्रक्रियाओं से संबंधित सभी सेवाएँ पूर्णतः निःशुल्क उपलब्ध करायी जाती हैं।
कार्यक्रम में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. शिवमोहन शुक्ला, नगर पालिकाध्यक्ष हिमानी नेगी, अपर जिला समाज कल्याण अधिकारी अनिल कुमार सेमवाल, सहायक समाज कल्याण अधिकारी पौड़ी राहुल राणा, खिर्सू पंकज मैंदोली सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Recent Comments