देश की एकता के लिए कांग्रेस का मजबूत होना जरूरी: धीरेंद्र प्रताप

मुजफ्फरनगर में जनसभा को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना

मुजफ्फरनगर : उत्तराखंड सरकार के पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप ने कहा है कि यदि देश की एकता, अखंडता और सांप्रदायिक सौहार्द को मजबूत करना है तो उसके लिए कांग्रेस पार्टी का सशक्त होना अत्यंत आवश्यक है। वह कल रात मुजफ्फरनगर जिले के पुरकाजी क्षेत्र में कांग्रेस महिला जिला शाखा की अध्यक्ष गीता काकरान द्वारा आयोजित एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे।

इस अवसर पर धीरेंद्र प्रताप के अलावा अखिल भारतीय अनुसूचित जाति विभाग के संयोजक राजेंद्र गौतम ने भी मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित किया। दोनों नेताओं ने केन्द्र और राज्य की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर जमकर हमला बोला और उसे विफल बताया।

धीरेंद्र प्रताप और राजेंद्र गौतम ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने प्रदेश को विकास की राह से भटकाकर ‘खड्डे’ में बिठा दिया है। उन्होंने कहा कि देश को आज सबसे अधिक भाईचारे और सौहार्द की जरूरत थी, लेकिन भाजपा ने वोटों की खेती के चक्कर में एक पूरे वर्ग को मुख्यधारा से अलग कर दिया और उसे अपराधी तथा आतंकवादी करार दिया जा रहा है।

धीरेंद्र प्रताप ने कहा कि कांग्रेस की भाईचारे और विकास की नीति ही देश के लिए हमेशा लाभकारी रही है। उन्होंने कहा, “कांग्रेस ने ही देश को आजाद कराया और कांग्रेस ने ही देश के विकास की नई इमारत की नींव रखी।” उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का उदाहरण देते हुए कहा कि 1971 के भारत-पाक युद्ध के समय जब अमेरिका ने हिंद महासागर में अपने जहाजों को तैनात करने की कोशिश की, तो इंदिरा गांधी ने बिना किसी डर के साफ शब्दों में कहा था कि बड़े देश हिंदुस्तान-पाकिस्तान की लड़ाई में ऐसी हरकत न करें, यह बर्दाश्त नहीं होगी।

नेताओं ने कटाक्ष करते हुए कहा कि आज ईरान और अमेरिका के बीच जो युद्ध जैसे हालात बन रहे हैं, उसमें भारत एक मजाक का पात्र बनकर रह गया है। उनके अनुसार मौजूदा सरकार की विदेश नीति कमजोर है।

सभा में बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर और उनकी धर्मपत्नी रमाबाई को भी याद किया गया, जिन्होंने संविधान निर्माण में अहम भूमिका निभाई। साथ ही बाबू जगजीवन राम की जयंती की पूर्व संध्या पर उनके विकास कार्यों और देश के प्रति योगदान को सराहा गया।

इस जनसभा में विख्यात कॉमेडियन शेखचिल्ली ने भी अपना कार्यक्रम प्रस्तुत किया। दोनों कांग्रेस नेताओं को गीता काकरान द्वारा मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। सभा में हजारों की संख्या में लोगों ने भाग लिया।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments