उत्तरकाशी। उत्तरकाशी पुलिस ने अवैध कच्ची शराब के कारोबार में लिप्त हिस्ट्रीशीटर मीना देवी निवासी वीरपुर डुण्डा को तीन महीने के लिए जिला बदर (तड़ीपार) किया है।
आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी कमलेश उपाध्याय ने सभी थाना प्रभारियों को सख्त निर्देश जारी किए हैं। इन्हीं निर्देशों के क्रम में कोतवाली उत्तरकाशी के अंतर्गत कार्यरत पुलिस टीम ने चौकी प्रभारी डुण्डा उ0नि0 प्रकाश राणा द्वारा भेजी गई रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की।
पुलिस रिपोर्ट में बताया गया कि मीना देवी लगातार अवैध शराब के धंधे में संलिप्त रही है और उसके खिलाफ पूर्व में भी कई मुकदमे दर्ज हैं। इस पर जिला मजिस्ट्रेट उत्तरकाशी ने गुंडा एक्ट 1970 की धारा 3 के अंतर्गत आदेश जारी करते हुए मीना देवी को तीन माह के लिए जिला बदर किया।
12 दिसंबर 2025 को उत्तरकाशी पुलिस टीम ने लाउडस्पीकर के माध्यम से आदेश की उद्घोषणा करते हुए संबंधित महिला को जनपद सीमा से बाहर किया। साथ ही यह चेतावनी दी गई कि जिले में पुनः प्रवेश करने पर उसके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस टीम में शामिल रहे: चौकी प्रभारी डुण्डा उ0नि0 प्रकाश राणा, उ0नि0 संगीता नौटियाल, हे0कानि0 मोहन मन्तवाड़ी, हे0कानि0 गजपाल सिंह, हे0कानि0 रणजीत कुमार, म0कानि0 निर्मला और म0कानि0 अकीता।

Recent Comments