लालपुल टक्कर विवाद में युवक को बनाया बंधक, मंडी ले जाकर की बर्बर मारपीट, आरोपी गिरफ्तार

मोबाइल टूटने की रंजिश में हुआ था विवाद, पुलिस जांच में करंट व गर्म रॉड से यातना के दावों की नहीं हुई पुष्टि

देहरादून । थाना कोतवाली पटेलनगर क्षेत्र में एक मामूली सड़क हादसे ने बड़े विवाद का रूप ले लिया, जिसमें एक युवक को बंधक बनाकर बुरी तरह पीटे जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

जाखन कैनाल रोड, राजपुर निवासी आजाद रावत पुत्र मुरली धर रावत ने 04 जुलाई को थाना पटेलनगर में तहरीर देकर बताया कि 03 जुलाई की रात करीब 08 बजे लालपुल के पास स्कूटी चालक अंकुर वाल्मीकि ने उन्हें टक्कर मार दी थी। इस दौरान अंकुर का मोबाइल फोन सड़क पर गिरकर टूट गया, जिसे लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि इसके बाद अंकुर व उसके साथियों ने आजाद को बंधक बनाकर उनके साथ मारपीट की और अमानवीय व्यवहार किया। वादी की तहरीर के आधार पर स्कूटी चालक व उसके अन्य साथियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया गया।

पुलिस विवेचना में सामने आया कि विशाल मेगा मार्ट के पास वाली सड़क से गुजरते समय अंकुर ने वादी आजाद को टक्कर मारी थी, जिसमें आजाद के पैर में चोट आई और अंकुर का मोबाइल फोन नीचे गिरकर क्षतिग्रस्त हो गया। इसी बात को लेकर दोनों में कहासुनी हुई। आरोप है कि अंकुर ने अपने साथियों को मौके पर बुलाकर टूटे फोन को ठीक कराने की बात कहते हुए आजाद को अपने साथ मंडी ले गया, जहां उसके साथ मारपीट की गई।

पुलिस ने वादी, अन्य गवाहों, डॉक्टरों के बयानों और घटनास्थल की सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले में धारा 109 बीएनएस की वृद्धि करते हुए नामजद आरोपी अंकुर वाल्मीकि पुत्र प्रीतम वाल्मीकि, निवासी न्यू बस्ती पटेलनगर देहरादून को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि पुलिस जांच में वादी को बिजली का करंट लगाने, गर्म लोहे की रॉड और गुप्तांग पर पेंचकश से चोट पहुंचाने संबंधी आरोपों की न तो कोई पुष्टि हुई है और न ही इस बारे में कोई साक्ष्य मिले हैं। घटना में शामिल अन्य आरोपियों के संबंध में विवेचना जारी है। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि वादी आजाद और आरोपी अंकुर पहले से एक-दूसरे को जानते थे।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments