भिकियासैंण/नैनीताल,13अप्रैल 2025(एजेंसिया) सैनिक स्कूल घोड़ाखाल के प्रतिभाशाली छात्र आश्रय टम्टा ने राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (एनडीए) की प्रतिष्ठित परीक्षा में शानदार सफलता हासिल की है। संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) द्वारा आयोजित इस कठिन परीक्षा में आश्रय ने अखिल भारतीय स्तर पर 205वीं रैंक प्राप्त कर न केवल अपने विद्यालय बल्कि पूरे क्षेत्र को गौरवान्वित किया है।
अल्मोड़ा जनपद के भिकियासैंण (इण्डा) गाँव के मूल निवासी आश्रय ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा रानीखेत के कनोसा कॉन्वेंट स्कूल से प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने कक्षा 6 से 12वीं तक की शिक्षा सैनिक स्कूल घोड़ाखाल से ग्रहण की। बचपन से ही मेधावी रहे आश्रय ने पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। वे एक बेहतरीन फुटबॉल खिलाड़ी होने के साथ-साथ एथलेटिक्स में भी सक्रिय रहे और नॉर्थ जोन स्तर की कई प्रतियोगिताओं में उन्होंने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है।
आश्रय के पिता दिनेश टम्टा वर्तमान में राजकीय इंटर कॉलेज समजखाली में प्रभारी प्रधानाचार्य के पद पर कार्यरत हैं, जबकि उनकी माता उमा टम्टा राजकीय इंटर कॉलेज बंगोड़ा में प्रधान सहायक के रूप में अपनी सेवाएं दे रही हैं। उनकी छोटी बहन अरूनिका अशोक मजखाली में कक्षा 8वीं की छात्रा हैं। उल्लेखनीय है कि आश्रय टम्टा शिल्पकार सेवा समिति भिकियासैंण के अध्यक्ष धनीराम टम्टा के पौत्र हैं।
आश्रय में बचपन से ही देश सेवा का प्रबल जज्बा रहा है। उनमें नैसर्गिक अनुशासन, उत्कृष्ट नेतृत्व क्षमता, टीम भावना, दृढ़ इच्छाशक्ति, कड़ी मेहनत और धैर्य जैसे गुण विद्यमान हैं, जिन्होंने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अपनी इस शानदार सफलता का श्रेय आश्रय ने अपने माता-पिता, गुरुजनों, शुभचिंतकों और सैनिक स्कूल घोड़ाखाल के शिक्षकों को दिया है।
उन्होंने बताया कि अब वे सेना की एकेडमी में गहन अध्ययन और प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद भारतीय सेना में एक जिम्मेदार अधिकारी के रूप में ईमानदारी, मेहनत और पूर्ण निष्ठा के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करेंगे। उनकी इस अभूतपूर्व सफलता पर पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है।
सैनिक स्कूल घोड़ाखाल के प्रधानाचार्य ग्रुप कैप्टन विजय सिंह डंगवाल और एडीएम रानीखेत राहुल आनंद सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने आश्रय को हार्दिक बधाई दी है। शिल्पकार सेवा समिति के सभी पदाधिकारियों ने भी उन्हें ढेरों शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है।
सैनिक स्कूल घोड़ाखाल के छात्र आश्रय टम्टा ने एनडीए परीक्षा में लहराया परचम, ऑल इंडिया में हासिल की 205वीं रैंक
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page

Recent Comments