
COAS गोल्ड मेडल विंग कैडेट कैप्टन नवीन को, नुब्रा कंपनी बनी चैंपियन
देहरादून। इंडियन मिलिट्री एकेडमी स्थित चेटवुड हॉल शनिवार को गर्व, अनुशासन और उल्लास के माहौल से गूंज उठा, जब आर्मी कैडेट कॉलेज (ACC) विंग के 127वें कोर्स के 73 कैडेट्स का दीक्षांत समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर कैडेट्स ने अपनी कठिन शैक्षणिक और सैन्य ट्रेनिंग सफलतापूर्वक पूरी कर एक महत्वपूर्ण पड़ाव हासिल किया। समारोह में कैडेट्स के अभिभावक, प्रशिक्षक और विशिष्ट अतिथि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
समारोह के मुख्य अतिथि इंडियन मिलिट्री एकेडमी के कमांडेंट लेफ्टिनेंट जनरल नागेंद्र सिंह (AVSM, YSM, SM) ने ACC विंग के कैडेट्स को जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय, नई दिल्ली की बैचलर डिग्री प्रदान की। इस मौके पर उन्होंने कैडेट्स को कठिन प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण करने पर बधाई देते हुए कहा कि चरित्र, आत्म-अनुशासन, साहस, प्रेरणा, सकारात्मक दृष्टिकोण और पेशेवर क्षमता एक सफल सेना अधिकारी के मूल स्तंभ हैं।

आर्मी कैडेट कॉलेज भारतीय सेना का एक प्रमुख प्रशिक्षण संस्थान है, जो इंडियन मिलिट्री एकेडमी के लिए फीडर संस्थान के रूप में कार्य करता है। यहां कैडेट्स को तीन वर्षों के दौरान शारीरिक, मानसिक और बौद्धिक विकास के अनुरूप तैयार किया जाता है, ताकि वे भविष्य में कमीशंड अधिकारी के रूप में भारतीय सेना का नेतृत्व कर सकें। दीक्षांत समारोह इसी तीन वर्षीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के सफल समापन का प्रतीक रहा। जुलाई 2026 में यह कोर्स इंडियन मिलिट्री एकेडमी में प्री-कमीशनिंग ट्रेनिंग के लिए ऑफिसर कैडेट्स के रूप में शामिल होगा।
समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेट्स को सम्मानित भी किया गया। चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ (COAS) गोल्ड मेडल विंग कैडेट कैप्टन नवीन को प्रदान किया गया, जबकि COAS सिल्वर मेडल कंपनी कैडेट कैप्टन अवनीश कुमार मिश्रा और COAS ब्रॉन्ज मेडल विंग कैडेट क्वार्टर मास्टर हर्षराज को दिया गया।

शैक्षणिक और सैन्य विषयों में उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए भी पुरस्कार दिए गए। सर्विस सब्जेक्ट्स में प्रथम स्थान पाने पर कमांडेंट का सिल्वर मेडल कंपनी क्वार्टर मास्टर सार्जेंट अमनप्रीत सिंह को मिला। ह्यूमैनिटीज स्ट्रीम में प्रथम स्थान के लिए कंपनी कैडेट कैप्टन अवनीश कुमार मिश्रा और साइंस स्ट्रीम में प्रथम स्थान के लिए विंग कैडेट कैप्टन नवीन को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर नुब्रा कंपनी को आर्मी कैडेट कॉलेज की चैंपियन कंपनी घोषित करते हुए ‘कमांडेंट बैनर’ प्रदान किया गया। यह सम्मान उस कंपनी को दिया जाता है, जो खेलकूद, शारीरिक प्रशिक्षण, कैंप, वाद-विवाद, इंटीरियर इकोनॉमी, हथियार प्रशिक्षण, अकादमिक प्रदर्शन और सर्विस ट्रेनिंग जैसी विभिन्न प्रतियोगिताओं में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करती है।
समारोह के अंत में कमांडेंट लेफ्टिनेंट जनरल नागेंद्र सिंह ने ACC विंग के कमांडर ब्रिगेडियर पीयूष खुराना (SM) तथा उनकी प्रशिक्षक एवं फैकल्टी टीम की सराहना की। उन्होंने कहा कि इनकी मेहनत और समर्पण ने कैडेट्स को योग्य और सक्षम अधिकारी बनने की दिशा में मजबूत आधार प्रदान किया है। पूरे समारोह में अनुशासन, भाईचारे और राष्ट्रसेवा की भावना स्पष्ट रूप से दिखाई दी, जबकि अभिभावकों के चेहरों पर गर्व और संतोष साफ झलक रहा था।


Recent Comments