राजपुर में चार राहगीरों की मौत के लिए प्रशासन जिम्मेदार: धस्माना

देहरादून(आरएनएस)।  राजपुर रोड पर बुधवार रात हिट एंड रन केस को लेकर कांग्रेस के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने पुलिस-प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने कहा कि डायवर्जन से ओल्ड राजपुर तक की पूरी सड़क प्रशासन ने हादसों के लिहाज से ब्लैक स्पॉट बना दी है। उन्होंने कहा कि लोक निर्माण विभाग और स्मार्ट सिटी ने यहां साइकिल ट्रैक बनाकर सड़क को संकरी कर दिया है। धस्माना गुरुवार दिन में घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि पूरी सड़क पर दोनों तरफ जो पिल्लर लगाए गए हैं, वही अब हादसे की बड़ी वजह बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब पिल्लर लगाए जा रहे थे, तब तत्कालीन जिलाधिकारी, एमडीडीए उपाध्यक्ष और एसएसपी के सामने भी अपनी चिंता जाहिर कर दी थी। लेकिन करोड़ों का बजट खपाने के लिए लोगों की जान से खिलवाड़ किया गया। धस्माना ने कहा कि डायवर्जन से लेकर ओल्ड राजपुर तक दोनों तरफ बिना पार्किंग के बार और कैफे संचालित किए जा रहे हैं। इनके वाहन भी सड़क के दोनों तरफ खड़े होने से ट्रैफिक के लिए सड़क संकरी हो गई है। ऐसे में यहां हर दिन हादसे हो रहे हैं। बुधवार रात का हादसा भी इसी वजह से हुआ। धस्माना ने कहा कि राज्य के ज्यादातर नौकरशाह भी इसी इलाके में रहते हैं, बावजूद इसके यहां किसी तरह का कोई अंकुश नहीं है। दो साल पहले तक मसूरी डायवर्जन पर इंटरसेप्टर नियमित तौर पर मौजूद रहती थी, लेकिन अब यहां इंटरसेप्टर भी नजर नहीं आती। बाइकर्स और कारों की रफ्तार से यहां के लोग परेशान हैं। उन्होंने सड़क के दोनों तरफ लगाए गए पिल्लर हटाने के साथ ही यहां संचालित किए जा रहे बार, रेस्टोरेंट, कैफे और अन्य व्यापारिक प्रतिष्ठानों में पार्किंग न होने पर उन्हें सील करने की मांग की है। साथ ही कहा कि इस तरह के हादसों को लेकर भी सरकार को जिम्मेदारी तय करनी चाहिए।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments