देहरादून(आरएनएस)। कांग्रेस के प्रतिनिधि मंडल ने मलिन बस्तियों को हुए नुकसान की जांच कर अविलम्ब मदद करने और मुआवजा दिये जाने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन भी सौंपा। मंगलवार को पूर्व विधायक राजकुमार के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने सिटी मजिस्ट्रेट प्रत्यूश सिंह से मुलाकात की। उन्होंने बताया कि राजधानी व आसपास के क्षेत्रों में मूसलाधार बारिश से जहां जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया और वहीं बिन्दाल व रिस्पना नदी के जल स्तर बढ़ने से मलिन बस्तियों के लोगों के घरों में पानी घुस गया। इससे उनका सारा सामान खराब हो गया। ज्ञापन में उन्होंने कहा कि बीते रोज रिस्पना नदी व बिन्दाल नदी में बरसात के कारण नदियों का जलस्तर बढ़ गया था। नदी के किनारे के पुश्ते बह गये और कई मकान क्षतिग्रस्त हो गये। लोगों के बिस्तर पलंग, टीवी, खाद्य सामाग्री नष्ट हो गए। लोगों के खाने पीने की काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है और कई स्थानों जिसमें नई बस्ती बलबीर रोड़, मोहिनी रोड, तेग बहादुर रोड़, पूरन बस्ती रायपुर रोड, डीएल रोड के आसपास की मलिन बस्तियां शामिल है। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी बस्ती, चन्दर रोड, नेगी रोड, संजय कालोनी, आर्यनगर, नदी रिस्पना में व बिन्दाल नदी, विजय कालोनी से आगे, चुक्खुवाला, बिन्दाल पुल, कांवली रोड, गांधी ग्राम, वार्ड नंबर 33 गोविन्द गढ़ के किनारे सभी मलिन बस्तियों में भारी नुकसान हुआ है। पूर्व महानगर अध्यक्ष लालचन्द शर्मा ने कहा है कि जल्द ही जिला प्रशासन प्रभावित लोगों को राहत के रूप में मुआवजा प्रदान करे। इस अवसर पर पार्षद अर्जुन सोनकर, निखिल कुमार, सुनील कुमार सहित अन्य कांग्रेसी शामिल रहे। इसके बाद पूर्व विधायक राजकुमार व अन्य कांग्रेस वर्करों ने मलिन बस्तियों का दौरा कर जल्द ही मदद करने का आश्वासन दिया।

Recent Comments