विधायक प्रेम चन्द्र अग्रवाल, राज्यमंत्री मधु भट्ट व सुरेंद्र मोघा ने भी किया प्रतिभाग
देहरादून । “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान के तहत जिला प्रशासन द्वारा शुक्रवार को न्याय पंचायत छिद्दरवाला में वृहद बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। सैनिक कल्याण भवन में आयोजित इस शिविर की अध्यक्षता उप जिलाधिकारी योगेश मेहरा ने की।
शिविर में विभिन्न विभागों के स्टॉलों के माध्यम से कुल 2082 लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। कार्यक्रम में विधायक प्रेम चन्द्र अग्रवाल, राज्यमंत्री सुरेंद्र मोघा, दर्जाधारी राज्यमंत्री मधु भट्ट सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
एसडीएम योगेश मेहरा ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार ग्रामीण क्षेत्रों में जनसमस्याओं के समाधान को प्राथमिकता दी जा रही है। शिविर के दौरान ग्रामीणों की कुल 160 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 32 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया और शेष मामलों पर संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए।


शिविर में स्वास्थ्य विभाग द्वारा 755 लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई और निःशुल्क दवाएं वितरित की गईं। पशुपालन विभाग ने 347 पशुपालकों को पशु औषधियाँ प्रदान कीं, जबकि कृषि एवं उद्यान विभागों द्वारा 131 किसानों को कृषि यंत्र, बीज और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ दिया गया।
समाज कल्याण विभाग ने 56 पेंशन संबंधी समस्याओं का समाधान किया और पूर्ति विभाग ने 41 राशन कार्ड धारकों की केवाईसी अपडेट कराई। पंचायती राज विभाग ने 82 लाभार्थियों के मामलों का निस्तारण किया। इसके अतिरिक्त, डेयरी और बाल विकास विभाग की ओर से कुल 123 लाभार्थियों को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट वितरित की गई।
कार्यक्रम में एनआरएलएम, शिक्षा, उद्योग, वन, रीप और सैनिक कल्याण विभागों द्वारा भी योजनाओं की जानकारी और लाभ वितरण किया गया। मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों के साथ-साथ विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।


Recent Comments