देहरादून। जिला प्रशासन देहरादून ने सरकारी भूमि पर अवैध कब्जों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए नेहरूग्राम और एनआईवीएच परिसर में बने दो अवैध ढांचों को ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देश पर नगर मजिस्ट्रेट प्रत्युष सिंह और उप जिलाधिकारी सदर हरिगिरि के नेतृत्व में की गई।
नेहरूग्राम में सिंचाई विभाग की नहर किनारे तथा राजपुर रोड स्थित एनआईवीएच परिसर में सरकारी भूमि पर अतिक्रमण कर बनाई गई मजारों को जेसीबी मशीन की सहायता से हटाया गया। इन निर्माणों को लेकर विभिन्न संगठनों द्वारा लगातार आपत्ति दर्ज की जा रही थी। प्रशासन को प्राप्त शिकायतों के आधार पर नियत प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की गई।

विशेष रूप से एनआईवीएच परिसर में दृष्टिबाधित बच्चों के लिए बनाए गए पार्क के भीतर अतिक्रमण की शिकायत पर जिलाधिकारी ने तत्काल संज्ञान लेते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए। वर्षों से रास्ता रोके खड़ा यह निर्माण दृष्टिबाधितों की आवाजाही में बाधा बन रहा था।
ध्वस्तीकरण के दौरान सिंचाई विभाग, पुलिस विभाग और जिला प्रशासन के अधिकारी व कार्मिक मौके पर मौजूद रहे। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Recent Comments