

सुपर-300 मिशन एजुकेशन स्कीम के तहत MOU साइन, दो श्रेणियों में मिलेगी फीस में छूट
देहरादून/लैंसडाउन। सैन्य परिवारों के बच्चों के लिए उच्च शिक्षा अब पहले से कहीं अधिक सुलभ होगी। सीआईएमएस एंड यूआईएचएमटी ग्रुप ऑफ कॉलेजेज, देहरादून और गढ़वाल राइफल्स रेजिमेंटल सेंटर, लैंसडाउन के बीच सुपर-300 मिशन एजुकेशन स्कीम के अंतर्गत एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर हुए हैं। इस करार से वीर नारियों, वीर माताओं, बलिदानी सैनिकों के आश्रितों, चार वर्ष की सेवा पूरी कर चुके अग्निवीरों और उनके आश्रितों को शिक्षा शुल्क में सीधी राहत मिलेगी।
दो श्रेणियों में तय हुई छूट
MOU के प्रावधानों के मुताबिक पहली श्रेणी में आने वाले वीर नारियों, वीर माताओं, बलिदानी सैनिकों के आश्रितों और चार वर्ष सेवा पूर्ण कर चुके अग्निवीरों को संस्थान के पात्र पाठ्यक्रमों में शत-प्रतिशत ट्यूशन फीस माफी दी जाएगी। दूसरी श्रेणी में सेवारत और सेवानिवृत्त सैनिकों तथा उनके आश्रितों को फीस में 40 प्रतिशत की छूट मिलेगी।


समझौते पर हस्ताक्षर की प्रक्रिया गढ़वाल रेजिमेंटल सेंटर, लैंसडाउन स्थित सुरजन सिंह ऑडिटोरियम में आयोजित समारोह में पूरी हुई, जिसमें सेंटर के सैन्य अधिकारियों समेत 300 से अधिक जवान शामिल रहे।
“अनूठा और सराहनीय प्रयास” — ब्रिगेडियर विनोद नेगी
गढ़वाल राइफल्स रेजिमेंटल सेंटर के कमांडेंट ब्रिगेडियर विनोद नेगी ने इस मौके पर कहा कि इस अनुबंध से गढ़वाल राइफल्स से जुड़े सैनिकों और उनके परिवारों को शिक्षा के क्षेत्र में बड़ा फायदा होगा। उन्होंने सीआईएमएस एंड यूआईएचएमटी ग्रुप ऑफ कॉलेजेज की पहल को अनूठा और सराहनीय बताते हुए संस्थान के चेयरमैन का आभार जताया।

उन्होंने बताया कि इस योजना के जरिये सैनिक परिवारों के बच्चों के बेहतर भविष्य की नींव मजबूत होगी और यह पहल शिक्षा के क्षेत्र में सैन्य समुदाय के लिए एक बड़ा सहारा साबित होगी।

Recent Comments