
लखनऊ 6 मार्च (आरएनएस ) समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि भाजपा शासन में अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों में डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ और आवश्यक संसाधनों की भारी कमी है, जिससे गरीब मरीजों को इलाज और दवा नहीं मिल पा रही है। अस्पतालों में इलाज के अभाव में मरीज और उनके तीमारदार भटकने को मजबूर हैं, लेकिन सरकार झूठे दावे करने में व्यस्त है। अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश में मेडिकल कॉलेजों की हालत दयनीय है। कई जिलों में मेडिकल कॉलेजों के नाम पर अधूरी इमारतें खड़ी कर दी गई हैं, लेकिन वहां शिक्षकों और आवश्यक स्टाफ की भारी कमी बनी हुई है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों से लेकर मेडिकल कॉलेजों तक चिकित्सकों और संसाधनों की भारी कमी है, जबकि सरकार झूठे आंकड़े पेश कर जनता को गुमराह कर रही है।उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों को पर्याप्त बजट उपलब्ध नहीं करा रही, जिससे जरूरी मशीनें, जांच सुविधाएं और आधुनिक उपकरणों का घोर अभाव बना हुआ है। सरकारी स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह से चरमरा चुकी हैं, और विभाग में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी हो रही है। भाजपा सरकार के कार्यकाल में स्वास्थ्य विभाग में मिलने वाले बजट का भी दुरुपयोग हो रहा है, जिससे गरीबों को इलाज के लिए निजी अस्पतालों की शरण में जाना पड़ रहा है, जहां इलाज के नाम पर उनकी जेब काटी जाती है।अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने आठ वर्षों में स्वास्थ्य विभाग को पूरी तरह से बीमार बना दिया है। जनता को दवा और इलाज मुहैया कराने के बजाय सरकार विपक्षी दलों पर झूठे आरोप लगाकर अपनी नाकामी छुपाने का षड्यंत्र कर रही है। प्रदेश की जनता भाजपा की लूट, झूठ और भ्रष्टाचार से त्रस्त हो चुकी है और जल्द ही इसका जवाब देगी।

Recent Comments