
लखनऊ 24 मार्च (आरएनएस )। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में बीते आठ वर्षों में हर तरफ अराजकता और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने प्रदेश को जंगलराज में बदल दिया है, जहां बहन-बेटियां सुरक्षित नहीं हैं, अन्याय और अत्याचार चरम पर है, और अपराधियों का खुला साम्राज्य कायम हो चुका है।अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार का आठ साल का कार्यकाल जनता के साथ किया गया बेमिसाल धोखा है। इस अवधि में प्रदेश को कुछ नहीं मिला, बल्कि लूट, अपराध और भ्रष्टाचार की घटनाएं तेजी से बढ़ी हैं। उन्होंने कहा कि अपराधियों और असामाजिक तत्वों का इतना बोलबाला है कि आम आदमी खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है। प्रदेश में आए दिन बलात्कार और बच्चियों की हत्याओं की घटनाएं हो रही हैं, जिससे लोग भय और दहशत में हैं।उन्होंने हाल ही में अयोध्या और लखनऊ में हुई आपराधिक घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि इन वारदातों ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। उन्होंने बलिया के रसड़ा में युवती की हत्या और उसके शव को पेड़ से लटकाने की घटना को भयावह और दर्दनाक बताते हुए कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं रह गई है। अपराधियों का दुस्साहस बढ़ता जा रहा है और भाजपा सरकार हाथ पर हाथ धरे बैठी है।समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष ने प्रदेश में महिला सुरक्षा को लेकर भी सरकार को घेरा और कहा कि लखनऊ हो या कोई अन्य जिला, महिलाएं कहीं भी सुरक्षित नहीं हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अधिकारी और भाजपा नेता मिलकर उत्तर प्रदेश को लूटने में लगे हुए हैं। जमीनों पर कब्जा करने से लेकर पुलिस प्रशासन पर दबाव डालकर अन्याय कराने तक, हर तरफ अराजकता फैली हुई है।अखिलेश यादव ने महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार के मुद्दे पर भी भाजपा सरकार को कठघरे में खड़ा किया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार का जीरो टॉलरेंस का दावा पूरी तरह से झूठा है। अपराधी गरीबों पर अत्याचार कर रहे हैं, लोगों के घर उजाड़े जा रहे हैं और जमीनों पर कब्जे किए जा रहे हैं, लेकिन किसी को न्याय नहीं मिल रहा।स्वास्थ्य और शिक्षा की स्थिति को लेकर भी उन्होंने सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश के अस्पतालों में इलाज और दवाएं उपलब्ध नहीं हैं, मेडिकल कॉलेजों में पर्याप्त स्टाफ नहीं है और शिक्षण संस्थानों को बर्बाद कर दिया गया है। भाजपा सरकार ने नौजवानों को बेरोजगारी के अंधेरे में धकेल दिया है।उन्होंने कहा कि गांव-गांव में शिक्षित नौजवान बेरोजगार घूम रहा है, लेकिन सरकार उसकी कोई सुध नहीं ले रही। नौकरी और रोजगार के क्षेत्र में लगातार भेदभाव हो रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री से सवाल किया कि इस बदहाल स्थिति के लिए वे अपनी जिम्मेदारी से कैसे बच सकते हैं? उन्होंने चेतावनी दी कि भाजपा सरकार जनता को बेबस न समझे, सही समय पर जनता इसका जवाब देगी।

Recent Comments