
लखनऊ ,07 फरवरी(आरएनएस)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि 2027 के विधानसभा चुनाव में पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) एकजुट होकर भाजपा को सत्ता से बाहर करेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार संविधान में दिए गए मताधिकार को छीनने का प्रयास कर रही है और पीडीए के लोगों को प्रशासनिक पदों से वंचित किया जा रहा है।शुक्रवार को नोएडा दौरे के दौरान मीडिया से बातचीत में अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर लोकतंत्र और संविधान विरोधी कार्य करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सत्ता का दुरुपयोग कर लोगों को मतदान से रोका जा रहा है। मिल्कीपुर उपचुनाव का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि मृतकों के नाम पर वोट डाले गए, बाहरी जिलों से कार्यकर्ताओं को बुलाकर फर्जी मतदान कराया गया। उन्होंने सवाल किया कि चुनाव आयोग ने इस पर कोई कार्रवाई क्यों नहीं की?अखिलेश यादव ने भाजपा पर षड्यंत्र करने का आरोप लगाते हुए कहा कि मिल्कीपुर उपचुनाव में अम्बेडकर नगर, अमेठी, सुल्तानपुर और रायबरेली से गाडिय़ों में भरकर लोगों को लाया गया और फर्जी मतदान कराया गया। उन्होंने दावा किया कि बीएलओ, सीओ और एसओ की नियुक्तियां पहले से तय थीं और भाजपा ने चुनाव में हर संभव षड्यंत्र किया।उन्होंने भाजपा की नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि जो पार्टी खुद को ‘विश्वगुरु’ कहती थी, उसकी सच्चाई अब सामने आ रही है। अमेरिका से भारतीयों को बेडिय़ों में जकडक़र भेजा जाना अमानवीय है, लेकिन केंद्र सरकार इस पर चुप है। उन्होंने कहा कि अगर लोग गैर-कानूनी तरीके से अमेरिका जा रहे हैं, तो इसके लिए सरकार जिम्मेदार है, क्योंकि वह अपने नागरिकों को रोजगार और सम्मानजनक जीवन देने में विफल रही है।अखिलेश यादव ने सरकार से मांग की कि जो लोग पैसा देकर विदेश गए और अब वापस भेजे जा रहे हैं, उनके पैसे लौटाए जाएं। उन्होंने कहा कि कोविड के दौरान लाखों लोगों की नौकरियां गईं और आज भी उन्हें न्याय नहीं मिला है। भाजपा सरकार के कार्यों पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि 2027 में जनता भाजपा को सत्ता से बाहर कर देगी और पीडीए की सरकार बनेगी।

Recent Comments