
नोडल अधिकारियों की भूमिका हो प्रभावी, हर माह होगी प्रगति की समीक्षा बैठक
हरिद्वार। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को समयबद्ध और प्रभावी बनाने के लिए आयुक्त गढ़वाल मंडल आनंद स्वरूप ने सभी विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि वे अपने दायित्वों के निर्वहन में जवाबदेही सुनिश्चित करें और तय समयसीमा के भीतर कार्य पूर्ण करें। उन्होंने कहा कि अब योजनाओं को धरातल पर उतारने का समय है और किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब स्वीकार्य नहीं होगा।
सीसीआर सभागार में आयोजित उच्च स्तरीय समन्वय समिति की बैठक में राज्य सरकार, भारत सरकार के विभिन्न विभागों, एजेंसियों और संबंधित संस्थाओं के बीच समन्वय स्थापित करने तथा कुंभ मेला-2027 की तैयारियों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए आयुक्त ने कहा कि कुंभ मेला राज्य की प्रतिष्ठा और आस्था से जुड़ा अत्यंत महत्वपूर्ण आयोजन है, इसलिए सभी विभाग इसे प्राथमिकता के साथ लें।
उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक विभाग अपने-अपने कार्यों के लिए स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करे और उनकी नियमित समीक्षा सुनिश्चित करे। तैयारियों की निरंतर निगरानी के लिए प्रत्येक माह उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें संबंधित विभागों के केवल नामित नोडल अधिकारी ही प्रतिभाग करेंगे। आयुक्त ने कहा कि नोडल अधिकारी ऐसा होना चाहिए जिसे विभागीय कार्यों की संपूर्ण जानकारी हो और जो प्रभावी समन्वय स्थापित कर सके।
आयुक्त ने विभिन्न विभागों के बीच बेहतर तालमेल पर जोर देते हुए कहा कि सभी कार्य परस्पर जुड़े हुए हैं, इसलिए समन्वय के साथ ही समयबद्ध लक्ष्यों की प्राप्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने रेलवे, परिवहन और अन्य संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही आकस्मिक परिस्थितियों से निपटने के लिए वैकल्पिक व्यवस्थाएं और आपातकालीन कार्ययोजनाएं तैयार रखने को भी कहा।

बैठक में मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका ने वर्चुअल माध्यम से जुड़ते हुए कुंभ मेला की तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने रेल एवं सड़क परिवहन व्यवस्था और आपदा प्रबंधन की विस्तृत कार्ययोजना को शीघ्र अंतिम रूप देने पर बल दिया। उत्तर रेलवे मुरादाबाद मंडल की मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) श्रीमती विनीता श्रीवास्तव ने भी ऑनलाइन प्रतिभाग करते हुए रेलवे की प्रस्तावित तैयारियों से अवगत कराया।
जिलाधिकारी देहरादून आशीष चौहान, जिलाधिकारी हरिद्वार मयूर दीक्षित, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर, एसएसपी कुंभ आयुष अग्रवाल तथा एसएसपी देहरादून प्रमेन्द्र डोबाल ने भी आयोजन को लेकर महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किए।
नगर आयुक्त हरिद्वार नंदन कुमार ने कुंभ मेला के दौरान सफाई, सैनिटेशन और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की तैयारियों की जानकारी दी। अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती ने स्वीकृत कार्यों की प्रगति और व्यवस्थाओं पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया।
इसके अलावा मेला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज कुमार वर्मा, रेलवे के एडीआरएम पी.एस. झा, मेला अधिष्ठान के वित्त नियंत्रक लखेन्द्र गौथियाल सहित अन्य अधिकारियों ने भी विभागीय तैयारियों की प्रगति से अवगत कराया। बैठक में राज्य एवं केंद्र सरकार के विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे, जबकि टिहरी और पौड़ी गढ़वाल के जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग के अधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े।

Recent Comments