विद्या समीक्षा केन्द्र से जुड़ेंगे सभी आवासीय विद्यालय: डॉ. धन सिंह रावत

आईआईएम काशीपुर से प्रबंधन के गुर सीखेंगे प्रधानाचार्य व वार्डन

प्रत्येक माह आवासीय विद्यालयों में लगेंगे स्वास्थ्य शिविर

देहरादून, 7 मार्च 2025(आरएनएस )प्रदेशभर के आवासीय विद्यालयों एवं छात्रावासों को विद्या समीक्षा केन्द्र से जोड़ा जाएगा, जिससे विद्यालयों की मॉनिटरिंग और प्रबंधन और सुदृढ़ हो सकेगा। विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने आज राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद सभागार में गढ़वाल मंडल के आवासीय विद्यालयों की समीक्षा बैठक में यह घोषणा की।

मंत्री ने बताया कि विद्यालयों के प्रबंधन व शैक्षणिक स्तर को और बेहतर बनाने के लिए प्रधानाचार्यों एवं वार्डनों को आईआईएम काशीपुर में तीन दिवसीय प्रशिक्षण दिया जाएगा और सैनिक स्कूल घोड़ाखाल का शैक्षणिक भ्रमण भी करवाया जाएगा। इसके अलावा, छात्र-छात्राओं के स्वास्थ्य की देखभाल हेतु प्रत्येक माह स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे, जिसमें निकटतम स्वास्थ्य केंद्रों के चिकित्सक व स्टाफ भाग लेंगे।

आवासीय विद्यालय होंगे ऑनलाइन मोड में

बैठक में मंत्री ने राजीव गांधी नवोदय विद्यालय, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, राजीव गांधी अभिनव आवासीय विद्यालय और नेताजी सुभाष चंद्र बोस छात्रावासों को विद्या समीक्षा केन्द्र से जोड़ने के निर्देश दिए। इससे विद्यालयों की ऑनलाइन मॉनिटरिंग संभव होगी और समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जा सकेगा।

स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार

डॉ. रावत ने निर्देश दिया कि प्रत्येक आवासीय विद्यालय व छात्रावास में साप्ताहिक रूप से फार्मासिस्ट या नर्सिंग अधिकारी की ड्यूटी लगाई जाए, ताकि छात्र-छात्राओं को समय पर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।

नए कैडर और नियुक्तियों पर जोर

बैठक में मंत्री ने:

आवासीय विद्यालयों के लिए पृथक कैडर बनाने,

प्रधानाचार्यों के रिक्त पदों को भरने के लिए भर्ती विज्ञापन जारी करने,

पांच वर्ष से अधिक समय से प्रतिनियुक्ति पर तैनात प्रधानाचार्यों व वार्डनों को उनके मूल पद पर भेजने,

कक्षा 7, 8 और 11 में लिटरल एंट्री के माध्यम से नामांकन बढ़ाने,

चार नए नेताजी सुभाष चंद्र बोस छात्रावासों का प्रस्ताव भेजने,

विद्यालयों में जनप्रतिनिधियों व प्रशासनिक अधिकारियों को आमंत्रित कर गतिविधियों से अवगत कराने के निर्देश दिए।

बैठक में उपस्थित अधिकारी

इस अवसर पर प्रभारी निदेशक बेसिक शिक्षा अजय कुमार नौडियाल, प्रभारी निदेशक माध्यमिक शिक्षा डॉ. मुकुल सती, एपीडी समग्र शिक्षा कुलदीप गैरोला, उप राज्य परियोजना निदेशक समग्र शिक्षा पल्लवी, स्टाफ ऑफिसर समग्र शिक्षा बी.पी. मंदोली सहित गढ़वाल मंडल के आवासीय विद्यालयों के प्रधानाचार्य, वार्डन व अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

सूबे में आवासीय विद्यालयों व छात्रावासों की स्थिति

उत्तराखंड में कुल 75 आवासीय विद्यालय व छात्रावास संचालित।

गढ़वाल मंडल में 29 व कुमाऊं मंडल में 10 कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय।

गढ़वाल में 13 व कुमाऊं में 6 नेताजी सुभाष चंद्र बोस छात्रावास।

प्रत्येक जनपद में 1-1 राजीव गांधी नवोदय विद्यालय।

गढ़वाल व कुमाऊं में 2-2 राजीव गांधी अभिनव आवासीय विद्यालय।

कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में 4015 छात्राएं, राजीव गांधी नवोदय विद्यालयों में 2740 छात्र, राजीव गांधी अभिनव आवासीय विद्यालयों में 229 छात्र, नेताजी सुभाष चंद्र बोस छात्रावासों में 1203 छात्र अध्ययनरत।

नवनियुक्त उप शिक्षा अधिकारियों को शिक्षा मंत्री ने दिया गुरूमंत्र

डॉ. धन सिंह रावत राज्य शैक्षिक प्रबंधन एवं प्रशिक्षण संस्थान (सीमैट) में नवनियुक्त 25 उप शिक्षा अधिकारियों के प्रशिक्षण शिविर में पहुंचे और अधिकारियों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी पूरी निष्ठा और ईमानदारी से कार्य करें और प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को नए आयाम तक पहुँचाने में सहयोग दें।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments