देहरादून। प्रदेश में वर्षवार भर्ती प्रणाली की बहाली की मांग को लेकर नर्सिंग अभ्यर्थियों का आंदोलन लगातार जारी है। सोमवार को यह धरना 116वें दिन में प्रवेश कर गया। लंबे समय से अभ्यर्थी शांतिपूर्ण तरीके से धरना स्थल पर डटे हुए हैं और अपनी मांगों को लेकर सरकार का ध्यान आकर्षित कर रहे हैं।
प्रदर्शनकारी अभ्यर्थियों ने मुख्यमंत्री और नवनियुक्त स्वास्थ्य मंत्री के नाम एक ज्ञापन भी सौंपा, जिसमें कहा गया है कि वर्षों से लंबित पड़े बैचों के कारण हजारों योग्य युवाओं को रोजगार नहीं मिल पा रहा है। कई अभ्यर्थी आयु सीमा पार करने की कगार पर पहुंच चुके हैं, जिससे उनका भविष्य अनिश्चितता में घिर गया है।
दिन में भीषण गर्मी और रात में मच्छरों के प्रकोप के बावजूद भी अभ्यर्थी अपनी मांगों को लेकर मजबूती से डटे हुए हैं। धरना स्थल पर अभ्यर्थियों ने कहा कि यदि समय रहते भर्ती प्रक्रिया शुरू नहीं की गई, तो बड़ी संख्या में अभ्यर्थी अवसर से वंचित रह जाएंगे।
प्रदर्शनकारियों ने मांग की है कि सभी लंबित बैचों को वर्षवार भर्ती प्रणाली के तहत समायोजित किया जाए और रिक्त पदों को भी उसी क्रम में भरा जाए। साथ ही, आईपीएचएस (IPHS) मानकों के अनुरूप पहले की तरह नियमित वर्षवार भर्ती प्रक्रिया को फिर से लागू करने की मांग को भी जोर-शोर से उठाया जा रहा है।
अभ्यर्थियों ने स्पष्ट किया है कि जब तक उनकी मांगों पर कोई ठोस और सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक उनका अनिश्चितकालीन धरना जारी रहेगा। वहीं, नए स्वास्थ्य मंत्री से अभ्यर्थियों को काफी उम्मीदें हैं कि वे इस दिशा में जल्द पहल कर समाधान निकालेंगे।
धरना स्थल पर सोमवार को नवल पुंडीर, राजेंद्र कुकरेती, प्रवेश रावत, मुकेश, विनोद, भास्कर, पपेंद्र, सुषमा, उपेंद्र, प्रीति, अनुराग, सोनिया, हंसी मेहरा, पूजा, सपना सहित कई अभ्यर्थी मौजूद रहे।

Recent Comments