हाईटेक नकल गिरोह का एक और सदस्य गिरफ्तार, SSC परीक्षा केंद्र सील

देहरादून । उत्तराखण्ड में प्रतियोगी परीक्षाओं में नकल पर सख्त कार्रवाई के तहत स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने SSC परीक्षा में हाईटेक तरीके से नकल कराने वाले गिरोह के एक और सदस्य को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्त ईश्वरी प्रसाद उर्फ इन्द्रजीत शर्मा उर्फ इन्दर (निवासी निहाल विहार, दिल्ली) को नेहरू ग्राम स्थित सैंट जोन्स एकेडमी से पकड़ा गया, जहां वह परीक्षा लैब में नेटवर्किंग सेटअप तैयार कर रहा था। उसके पास से दो इंटरनेट राउटर सहित कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए गए हैं।

मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुपालन में पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ के मार्गदर्शन में एसटीएफ द्वारा राज्य और केंद्र स्तर की परीक्षाओं में सक्रिय नकल माफियाओं पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, एसटीएफ द्वारा विशेष कार्ययोजना बनाकर दो टीमों का गठन किया गया, जो लगातार इनपुट विकसित कर कार्रवाई कर रही हैं।

एसटीएफ के अनुसार, 13 फरवरी 2026 को देहरादून के महादेवी कन्या पाठशाला केंद्र पर आयोजित SSC मल्टीटास्किंग (नॉन टेक्निकल) व हवलदार ऑनलाइन परीक्षा में अभियुक्त ने सर्वर रूम, परीक्षा लैब और अंडरग्राउंड चेम्बर तैयार कर नकल का पूरा नेटवर्क खड़ा किया था। इस मामले में कोतवाली नगर देहरादून में सार्वजनिक परीक्षा अनुचित साधनों की रोकथाम अधिनियम 2024 के तहत मुकदमा दर्ज है, जिसकी विवेचना एसटीएफ कर रही है। इस गिरोह के तीन सदस्य पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं।

पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह दिल्ली में नेटवर्किंग और इलेक्ट्रिकल कार्य करता था और स्कूल-कॉलेजों में लैब सेटअप के ठेके लेता था। इसी दौरान वह नितेश कुमार (पूर्व में गिरफ्तार) और योगेश उर्फ योगी उर्फ जैक के संपर्क में आया। देहरादून के महादेव डिजिटल जोन में भी उसने नेटवर्किंग सेटअप तैयार किया था, जहां सर्वर रूम से अंडरग्राउंड चेम्बर तक केबलिंग कर रिमोट एक्सेस के जरिए प्रश्नपत्र हल कराने की व्यवस्था बनाई गई थी।

अभियुक्त के कब्जे से 01 लैपटॉप, 04 मोबाइल फोन, 14 ब्लूटूथ/रिसीवर डिवाइस, 20 बैटरी, 02 इंटरनेट राउटर और 01 फर्जी आईडी कार्ड बरामद किए गए हैं। इसके अलावा, नवंबर 2025 में SSC टियर-1 परीक्षा में नकल से जुड़े एक अन्य मामले में भी वह वांछित था, जिसमें एक आरोपी दीपक (रोहतक, हरियाणा) को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।

जांच के दौरान सैंट जोन्स एकेडमी, नेहरू ग्राम सहित कुछ अन्य स्थानों के सर्वर के कम्प्रोमाइज होने की जानकारी सामने आई है। 18 मई 2026 को प्रस्तावित SSC कांस्टेबल जीडी ऑनलाइन परीक्षा में इस केंद्र पर नकल की आशंका को देखते हुए इसे तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया है। इस संबंध में SSC के क्षेत्रीय निदेशक, दिल्ली को भी सूचना दे दी गई है।

एसटीएफ टीम में पुलिस उपाधीक्षक परवेज अली, निरीक्षक एन.के. भट्ट, उपनिरीक्षक दीपक मैठाणी, उपनिरीक्षक राजेश ध्यानी, मुख्य आरक्षी सुधीर केसला और कांस्टेबल कादर शामिल रहे।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments