देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री के ड्रग्स फ्री देवभूमि अभियान के तहत एसटीएफ की एंटी नार्कोटिक्स टास्क फोर्स ने थाना रायवाला पुलिस टीम के साथ संयुक्त अभियान में 2 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से लगभग 45 लाख रुपये की कीमत की 151 ग्राम हेरोइन बरामद की गई है।
गिरफ्तार अभियुक्तों में ऐजाद खान पुत्र नवाब खान उम्र 30 वर्ष निवासी ग्राम सेमरा बनविनपुर सहसवान थाना मुजरिया जिला बदायूँ उत्तर प्रदेश और नूर आलम पुत्र तमन्ना अली उम्र 32 वर्ष निवासी आर्यनगर पुल के पास लेन नम्बर 04 डालनवाला देहरादून शामिल हैं। ये दोनों बदायूं उत्तर प्रदेश से हेरोइन लाकर देहरादून में सप्लाई करते थे।
अभियुक्तों ने पूछताछ में बताया कि वे इस ड्रग्स को स्थानीय स्तर पर छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर स्कूल कॉलेज के छात्रों एवं नशे के आदि व्यक्तियों को सप्लाई करने का काम करते थे। वे काफी समय से अधिक धन कमाने की लालच में यह काम कर रहे थे। उन्होंने बताया कि वे इस ड्रग्स को उत्तर प्रदेश से लाते थे और देहरादून में बेचकर मुनाफा कमाते थे।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ नवनीत सिंह भुल्लर ने जनता से अपील की है कि नशे से दूर रहें और किसी भी प्रकार के लालच में न आकर नशा तस्करी न करें। नशा तस्करी करने वालों के खिलाफ कार्यवाही हेतु तत्काल निकटतम पुलिस स्टेशन या एसटीएफ उत्तराखंड से संपर्क करें। एसटीएफ लगातार ड्रग्स-फ्री देवभूमि अभियान के तहत अपनी कार्यवाही जारी रखेगी। उन्होंने कहा कि नशा तस्करी के खिलाफ हमारी लड़ाई जारी रहेगी और हम किसी भी हाल में नशा तस्करों को बख्शेंगे नहीं।
गिरफ्तारी में शामिल टीम में Si दीपक मैठाणी, Asi योगेंद्र चौहान, Hc महेंद्र सिंह, रामचंद्र सिंह और Hc सौरभ शामिल थे।

Recent Comments