14 अप्रैल: पीएम मोदी के देहरादून दौरे और एक्सप्रेस-वे के लोकार्पण की तैयारी तेज, धामी ने बैठक लेकर दिए निर्देश

देहरादून: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 14 अप्रैल को उत्तराखंड दौरे और दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर (एक्सप्रेस-वे) के उद्घाटन को लेकर राज्य में तैयारियाँ जोरों पर हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को अपने आवास पर इस ऐतिहासिक आयोजन की रूपरेखा तय करने के लिए उच्चस्तरीय बैठक की।

सीएम धामी ने इस अवसर को राज्य के लिए बेहद अहम बताते हुए सभी विभागों को आपसी तालमेल से काम करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि इसे महज एक सरकारी समारोह तक सीमित न रखकर जन-उत्सव के रूप में मनाया जाए, जिसमें समाज के हर वर्ग की सहभागिता सुनिश्चित की जाए।

मुख्यमंत्री के अनुसार, कार्यक्रम में उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की झलक दिखनी चाहिए। इसके लिए गढ़वाली, कुमाऊँनी और जौनसारी लोकनृत्य एवं संगीत की भव्य प्रस्तुति होगी। साथ ही, अधिक से अधिक स्थानीय कलाकारों को मंच देने और कार्यक्रम स्थल को पारंपरिक एवं आधुनिक साज-सज्जा से सजाने के निर्देश दिए गए हैं।

सीएम धामी ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे अपने घरों से निकलकर राष्ट्रीय ध्वज के साथ प्रधानमंत्री के रोड शो में शामिल हों और पूरे राज्य में उत्सव जैसा माहौल बनाएँ। साथ ही, कार्यक्रम से पहले प्रदेशभर में स्वच्छता अभियान चलाने के भी निर्देश दिए गए हैं, ताकि यह आयोजन स्वच्छ, सुंदर और यादगार बन सके।

दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे के महत्व पर प्रकाश डालते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परियोजना उत्तराखंड के विकास को नई दिशा देगी। इसके बनने से दोनों शहरों के बीच यात्रा का समय काफी कम हो जाएगा, जिससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, साथ ही औद्योगिक और व्यावसायिक गतिविधियों का विस्तार होगा और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। उन्होंने कहा कि लंबे समय से प्रतीक्षित इस परियोजना का शुभारंभ राज्य के इतिहास में एक स्वर्णिम अध्याय के रूप में दर्ज होगा।

इस बैठक में राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, सचिव शैलेश बगोली, कमिश्नर विनय शंकर पांडेय, जिलाधिकारी सविन बंसल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून, अपर सचिव बंशीधर तिवारी और अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments