अर्धकुंभ 2027: स्वर्गाश्रम में व्यवस्थाओं पर जिलाधिकारी का सख्त निर्देश

पौड़ी।आगामी अर्ध कुंभ 2027 की तैयारियों के मद्देनज़र जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने लक्ष्मणझूला‑स्वर्गाश्रम क्षेत्र के घाटों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को समयबद्ध व सुव्यवस्थित करने के सख्त निर्देश दिए।

निरीक्षण में लक्ष्मण घाट, संत सेवा घाट, बॉम्बे घाट, किरमोला घाट और वेद निकेतन घाट शामिल रहे। जिलाधिकारी ने घाटों की मरम्मत‑निर्माण और सुधार कार्य शीघ्र पूर्ण करने, प्रत्येक घाट पर चेंजिंग रूम की अनिवार्य व्यवस्था करने तथा भीड़ के दबाव को कम करने के लिए घाटों के बीच जोड़ने वाले मार्ग व वैकल्पिक रास्ते बनाने के निर्देश दिए।

स्वाति भदौरिया ने सिंचाई विभाग को रामझूला के समीप 90 मीटर लंबे स्नान घाट के निर्माण को धनराशि स्वीकृत होते ही प्राथमिकता पर आरम्भ करने को कहा। नगर पंचायत को स्ट्रीट लाइट और जनसुविधा केंद्र स्थापित करने तथा निर्माणाधीन बजरंग सेतु के कार्यों में तेजी लाने का भी निर्देश दिया गया। सभी निर्माण कार्यों की साप्ताहिक प्रगति की अनिवार्य समीक्षा के आदेश भी जारी हुए।

बेसहारा मवेशियों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी को विशेष अभियान चलाकर इन मवेशियों को गौशाला में शिफ्ट करने का निर्देश दिया, ताकि श्रद्धालुओं को असुविधा न हो। साथ ही बाघखाला‑जौंक लिंक मार्ग, इंटरलॉकिंग व ड्रेनेज कार्यों का भी निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी यमकेश्वर रेखा आर्य, अधिशासी अभियंता‑सिंचाई अनिल राठौर, अधिशासी अभियंता लोनिवि दुगड्डा निर्भय सिंह, तहसीलदार वैभव जोशी, अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत जौंक दीपक शर्मा व स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

जिलाधिकारी ने कहा कि अर्ध कुंभ केवल धार्मिक उत्सव नहीं, बल्कि हमारी आस्था और सांस्कृतिक धरोहर है; इसका सफल आयोजन पर्यटन व स्थानीय आजीविका को बढ़ावा देगा। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि हर तैयारी गंभीरता, ईमानदारी व पारदर्शिता के साथ समय पर पूरी की जाए।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments