
चमोली। बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार सुबह गुलाबकोटी क्षेत्र में सड़क धंसने और भारी मलबा आने से यातायात पूरी तरह ठप हो गया था। सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस और संबंधित विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और युद्धस्तर पर राहत एवं मार्ग खोलने का कार्य शुरू किया। कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद राजमार्ग से मलबा हटाकर वाहनों की आवाजाही दोबारा सुचारु कर दी गई।
मार्ग खुलने के बाद प्रशासन ने यात्रियों, स्थानीय लोगों और चारधाम यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं से सावधानी बरतने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा कि लगातार हो रही बारिश के कारण पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा बना हुआ है, इसलिए यात्रा के दौरान मौसम और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
गौरतलब है कि मानसून के सक्रिय होने के बाद बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर यह पहली बड़ी बाधा नहीं है। इससे पहले पीपलकोठी (भनेरपानी), नंदप्रयाग और छिनका क्षेत्र में भी भूस्खलन और मलबा आने से यातायात प्रभावित हो चुका है। लगातार हो रही बारिश के चलते प्रदेश में 59 से अधिक संपर्क मार्ग अब भी बाधित हैं, जिससे कई क्षेत्रों में आवागमन प्रभावित हुआ है।
मौसम विभाग के अनुसार उत्तराखंड में मानसून पूरी तरह सक्रिय है। हाल के दिनों में कुमाऊं मंडल के पिथौरागढ़, बागेश्वर, नैनीताल और चंपावत सहित कई जिलों में भारी बारिश दर्ज की गई है। वहीं देहरादून, हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर समेत अन्य क्षेत्रों में भी तेज बारिश और तेज हवाओं के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है। प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है।

Recent Comments