
देहरादून। सहसपुर क्षेत्र के बैरागीवाला गांव में खेत में पानी लगाने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया था, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई थी । इस मामले में दून पुलिस लगातार कार्रवाई करते हुए एक और आरोपी को गिरफ्तार करने में सफल रही है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, 13 जून की शाम दो पक्षों के बीच पानी को लेकर विवाद हुआ, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। एक पक्ष के 30-40 लोगों ने दूसरे पक्ष के अशोक कुमार, विनोद कुमार और राजेश कुमार पर हमला कर दिया, जिसमें तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां विनोद कुमार ने दम तोड़ दिया।
घटना के संबंध में मृतक के भाई की तहरीर पर सहसपुर थाने में नामजद 12 आरोपियों समेत अन्य के खिलाफ हत्या सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था । मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पुलिस टीमों का गठन कर आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास तेज किए गए।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पहले ही पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। वहीं अब इस मामले में एक और आरोपी इंतजार पुत्र जमील (32 वर्ष) निवासी बैरागीवाला को तिमली गांव से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में सुद्धोवाला जेल भेज दिया गया।
पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Recent Comments