नई दिल्ली/देहरादून। गढ़वाल क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार को लेकर उत्तराखंड केंद्रीय पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष बलबीर सिंह नेगी की पहल एक अहम दिशा में आगे बढ़ती नजर आ रही है। दिनांक 06 अप्रैल 2026 को उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय मुख्यालय, नई दिल्ली में गढ़वाल के सांसद अनिल बलूनी से शिष्टाचार भेंट कर पेंशनर्स और केंद्र सरकार के कर्मचारियों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।
इस अवसर पर श्री नेगी ने कोटद्वार में पासपोर्ट कार्यालय खुलवाने के लिए सांसद द्वारा किए गए प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई एवं आभार व्यक्त किया। साथ ही उन्होंने कोटद्वार और श्रीनगर में CGHS (Central Government Health Scheme) डिस्पेंसरी स्थापित करने की मांग भी प्रमुखता से रखी, जिससे क्षेत्र के हजारों कर्मचारियों और पेंशनर्स को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।
सांसद अनिल बलूनी ने इस पर जानकारी देते हुए बताया कि कोटद्वार एवं गोपेश्वर—दोनों स्थानों पर CGHS डिस्पेंसरी खोलने का प्रस्ताव पहले ही केंद्र सरकार को भेजा जा चुका है, जो वर्तमान में कैबिनेट की स्वीकृति के लिए लंबित है। उन्होंने विश्वास जताया कि जल्द ही इस प्रस्ताव को मंजूरी मिल जाएगी।
इस दौरान प्राप्त जानकारी को अत्यंत सकारात्मक और उत्साहवर्धक बताया गया। श्री नेगी ने उम्मीद जताई कि शीघ्र ही कैबिनेट से स्वीकृति मिलते ही गढ़वाल क्षेत्र के केंद्र सरकार के कर्मचारियों एवं पेंशनर्स को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा।
बलबीर सिंह नेगी की पहल से गढ़वाल में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद जगी है, जो आने वाले समय में हजारों लोगों के लिए राहत साबित हो सकती है।

Recent Comments