देहरादून। स्वतंत्रता संग्राम के अमर सेनानी और नेताजी सुभाष चंद्र बोस के सहयोगी रहे आज़ाद हिंद फौज के कर्नल प्रीतम सिंह के पौत्र सरदार बलविंदर सिंह संधू ने शनिवार को कांग्रेस का दामन थाम लिया। उन्होंने प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (संगठन) सूर्यकांत धस्माना ने उनका पार्टी में स्वागत किया और उन्हें सक्रिय राजनीति में योगदान देने का आग्रह किया।
सदस्यता ग्रहण करते हुए सरदार बलविंदर सिंह ने कहा कि उनके दादा कर्नल प्रीतम सिंह ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस के नेतृत्व में स्वतंत्रता संग्राम के दौरान देश की आज़ादी के लिए अदम्य साहस और समर्पण से लड़ाई लड़ी। आज़ादी के बाद उन्होंने अपने गाँव खैरी, डोईवाला में रहकर खेती-बाड़ी के माध्यम से जीवनयापन किया, किंतु राष्ट्रहित, एकता और अखंडता के प्रति उनकी निष्ठा जीवन के अंतिम क्षण तक अडिग रही।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सदस्यता लेकर वे अपने पुरखों की विरासत को आगे बढ़ाते हुए उत्तराखंड और देश की सेवा करना चाहते हैं।
प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि कांग्रेस को कर्नल प्रीतम सिंह जैसे स्वतंत्रता सेनानी का गौरवशाली इतिहास प्राप्त है और अब उनके वंशज पार्टी से जुड़ रहे हैं। धस्माना ने घोषणा की कि आगामी जनवरी में कर्नल प्रीतम सिंह की पुण्यतिथि पर वे खैरी स्थित उनके निवास पर जाकर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।

Recent Comments