देहरादून। होली के रंगों में हुडदंग करने वालों को सीधे जेल भेजने की चेतावनी देते हुए देहरादून पुलिस ने त्योहार को शांति और सुरक्षा के साथ मनाने की पूरी तैयारी कर ली है। पुलिस ने पूर्व विवादों का परीक्षण कर अराजक तत्वों को चिन्हित कर निरोधात्मक कार्रवाई की है तथा सभी थाना क्षेत्रों में सर्वधर्म संभ्रांत व्यक्तियों व जनप्रतिनिधियों के साथ पीस कमेटी बैठकें आयोजित कीं। इन बैठकों में आपसी सौहार्द बनाए रखने और हुडदंग करने वालों की सूचना तत्काल पुलिस को देने का आह्वान किया गया।
सुरक्षा के मद्देनजर सम्पूर्ण जनपद को 3 सुपर जोन, 8 जोन, 21 सेक्टर और 53 सब-सेक्टर में विभाजित किया गया है। सुपरजोन में अपर पुलिस अधीक्षक, जोन में क्षेत्राधिकारी, सेक्टर में थाना प्रभारी तथा सब-सेक्टर में उपनिरीक्षक को प्रभारी बनाया गया। सभी क्षेत्रों में मोबाइल पार्टियां व स्टेटिक फोर्स तैनात हैं, जो भ्रमण कर शांति सुनिश्चित करेंगी। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त बल तैनात किया गया है तथा पीसीआर को सभी थाना क्षेत्रों में त्वरित प्रतिक्रिया के लिए तैयार रखा गया।
पुलिस सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर 24×7 निगरानी रख रही है। भ्रामक खबरों या विवादित पोस्टों से वैमनस्य फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी। होलिका दहन आयोजकों से वार्ता कर निर्धारित स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित करने और नई परंपराएं शुरू न करने के निर्देश दिए गए।
देहरादून पुलिस ने आमजन से अपील की है कि परिवार के साथ हर्षोल्लास से होली मनाएं, लेकिन किसी को असुविधा न हो। हुडदंगियों व अराजक तत्वों पर सतर्क नजर रखी जा रही है तथा शांति भंग करने वालों पर कठोर कार्रवाई होगी।

Recent Comments