देहरादून। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा ने एक बार फिर भाजपा सरकार और संगठन पर तीखा प्रहार करते हुए कहा है कि देवभूमि उत्तराखंड में भाजपा नेताओं के लगातार सामने आ रहे दुष्कर्म और शोषण के मामलों ने पूरे प्रदेश को शर्मसार कर दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा के “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” नारे का असली रूप अब “भाजपा नेताओं से बेटी बचाओ” बन गया है।
माहरा ने कहा कि ताज़ा मामला भाजपा युवा मोर्चा के एक नेता की गिरफ्तारी का है, जो दुष्कर्म के आरोप में पकड़ा गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा का युवा मोर्चा भी अब अपने वरिष्ठ नेताओं से ऐसे अपराध सीखने में पीछे नहीं है। याद रहे कि कुछ समय पहले भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश मंत्री हिमांशु चमोली के उत्पीड़न से त्रस्त होकर एक युवक ने आत्महत्या कर ली थी।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि अंकिता भंडारी हत्या जैसे दर्दनाक मामले को आज भी कोई नहीं भूल पाया है, जिसमें भाजपा के पूर्व राज्यमंत्री का बेटा आरोपी है। इसके बावजूद सत्ता ने अपने लोगों को बचाने में कोई कसर नहीं छोड़ी। इसी तरह संतरेसा, चंपावत, सल्ट, लाकुआं और हरिद्वार जैसे स्थानों पर भाजपा नेताओं से जुड़े बलात्कार और शोषण के मामले सामने आ चुके हैं।
माहरा ने कहा कि जब सत्ता के भीतर बैठे लोग ही अपराध के प्रतीक बन जाएं, तब प्रदेश की आम बेटियों की सुरक्षा किससे होगी? सरकार की चुप्पी अब मौन स्वीकृति जैसी प्रतीत होती है।
उन्होंने कहा कि देवभूमि की पवित्र मिट्टी में आस्था और संस्कार हैं, लेकिन भाजपा शासन में शर्म और जवाबदेही दोनों ही गायब हो चुकी हैं। भाजपा के नारे और वास्तविकता में अब कोई समानता नहीं बची — “बेटी बचाओ” अब केवल एक चुनावी जुमला बनकर रह गया है।

Recent Comments