देहरादून, 03 मार्च 2025 (आरएनएस)उत्तराखंड सरकार द्वारा कैबिनेट बैठक में यूनिफाइड पेंशन योजना (UPS) लागू करने के फैसले का कर्मचारियों में तीखा विरोध शुरू हो गया है। राष्ट्रीय पुरानी पेंशन बहाली संयुक्त मोर्चा (NOPRUF) ने सरकार के इस निर्णय को कर्मचारी विरोधी करार देते हुए सड़क पर उतरकर आंदोलन करने की घोषणा की है।
मोर्चा के प्रदेश प्रभारी विक्रम सिंह रावत ने कहा कि राज्य कर्मचारी लंबे समय से पुरानी पेंशन योजना (OPS) की बहाली की मांग कर रहे थे, लेकिन सरकार ने उनकी भावनाओं को नजरअंदाज कर उन्हें धोखा दिया है। उन्होंने चेतावनी दी कि इसका असर 2027 के चुनावों में सरकार को भुगतना पड़ सकता है।
23 मार्च को दिल्ली के जंतर-मंतर पर होगा बड़ा प्रदर्शन
विक्रम सिंह रावत ने जानकारी दी कि 23 मार्च को दिल्ली के जंतर-मंतर पर UPS के खिलाफ बड़ा विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। इस प्रदर्शन में उत्तराखंड से हजारों एनपीएस (NPS) कार्मिक शामिल होंगे और केंद्र सरकार व उत्तराखंड सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज कराएंगे।
उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में कर्मचारी संगठनों को एकजुट कर सरकार के खिलाफ रणनीति तैयार की जा रही है और आने वाले दिनों में विरोध को और तेज किया जाएगा। उत्तराखंड सरकार के UPS लागू करने के फैसले से नाराज कर्मचारी अब आक्रामक रुख अपनाने की तैयारी में हैं और सरकार पर दबाव बनाने के लिए बड़े आंदोलन की रूपरेखा तैयार की जा रही है।

Recent Comments