देहरादून: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस के हालिया विरोध प्रदर्शन को एक “फ्लॉप शो” बताया है, जिसमें जनहित के मुद्दे और जनता दोनों ही गायब थे। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि उनके नेता जनहित के मुद्दों पर सदन में सो जाते हैं, लेकिन प्रदेश अध्यक्ष बनने की होड़ में सड़कों पर उतरकर ड्रामा करते हैं।
विकास और धामी की बढ़ती लोकप्रियता से परेशान है कांग्रेस
भट्ट ने कहा कि कांग्रेस लगातार जनता द्वारा नकारे जाने से हताश है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस विकास कार्यों, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा लिए गए ऐतिहासिक फैसलों और उनकी जन नेता की छवि को पचा नहीं पा रही है। उन्होंने कहा कि राजभवन घेराव का यह प्रदर्शन पूरी तरह से “मुद्देविहीन और विचारहीन” था और यही वजह है कि जनता ने इसे सिरे से नकार दिया। भट्ट ने कहा कि इस विरोध प्रदर्शन में नेताओं की भीड़ तो थी, लेकिन आम जनता पूरी तरह से नदारद रही।
आपदा और कानून व्यवस्था पर कांग्रेस के आरोप झूठे
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कांग्रेस द्वारा लगाए गए वोट चोरी, आपदा और कानून व्यवस्था के आरोपों को “झूठा” करार दिया। उन्होंने कहा कि जहां एक तरफ आपदा पीड़ितों के जख्मों पर मरहम लगाने की जरूरत थी, वहीं कांग्रेस के नेताओं को सदन में सोते हुए देखा गया।
भट्ट ने पलटवार करते हुए कहा कि अपराधियों को बढ़ावा देने वाली कांग्रेस को कानून व्यवस्था पर सवाल उठाने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में अपराध को लेकर जीरो टॉलरेंस की नीति पर सख्ती से काम हो रहा है। उन्होंने कहा, “प्रदेश में छोटा हो या बड़ा, कोई भी ऐसा मामला नहीं है जिस पर सख्त कार्रवाई न हुई हो। आरोपी कितना भी बड़ा क्यों न हो, उसे सजा मिली है या वह सलाखों के पीछे है।” उन्होंने कांग्रेस से यह भी पूछा कि वे बताएं कि किस अपराध पर कार्रवाई नहीं हुई है।

Recent Comments