

देहरादून। पुणे में छात्र संवाद कार्यक्रम के दौरान मनुस्मृति को लेकर दिए गए राहुल गांधी के बयान पर भाजपा ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने इसे भावी पीढ़ी के सामने सनातन धर्म की नकारात्मक छवि गढ़ने की कोशिश बताया है।
मीडिया को जारी बयान में भट्ट ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी लगातार हिंदू धर्म और भारतीय संस्कृति को निशाना बनाते हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि “कांग्रेसी युवराज जन्म और कर्म किसी भी तरह से हिंदू नहीं हैं, और वर्ग विशेष को खुश करने के लिए वे सिर्फ सनातन के अपमान में लगे रहते हैं। सृष्टि के पहले मानव धर्म शास्त्र को समझने में उन्हें कई जन्म भी कम पड़ने वाले हैं।”
भट्ट ने कहा कि राहुल गांधी और कांग्रेस ने प्रभु श्री राम के अस्तित्व को नकारा, उनके जन्मस्थान पर मंदिर बनने का विरोध किया, और उनके नेता व सहयोगी सनातन धर्म को कोरोना, डेंगू और सांप से भी खतरनाक बताते हैं। जनता ने हर चुनाव में कांग्रेस को उसके सनातन विरोधी रवैये की सजा दी है, फिर भी कांग्रेस सबक नहीं ले रही।
उन्होंने सवाल उठाया कि राहुल गांधी केवल हिंदू ग्रंथों पर ही बार-बार हमला क्यों करते हैं। उन्होंने कहा, “उन्हें तीन तलाक नहीं दिखता, हलाला से दिक्कत नहीं होती, चार-चार पत्नी का हक गलत नहीं लगता, हिजाब एवं बुर्के में रूढ़िवादिता नजर नहीं आती। कुरान ठीक, बाइबिल भी सही, लेकिन सारी बुराइयां उन्हें हिंदू धर्म, संस्कृति और ग्रंथों में ही नजर आती है।”
प्रदेश अध्यक्ष ने दावा किया कि कांग्रेस का यह राजनीतिक प्रोपेगेंडा सफल नहीं होगा और सभी सनातनी, सांस्कृतिक एवं राष्ट्रवादी शक्तियां लोकतांत्रिक तरीके से करारा जवाब देंगी। देवभूमि की जनता 2027 के चुनाव में कांग्रेस को पूरी तरह नकार देगी।

Recent Comments