सीएम रेखा गुप्ता को लेकर की गयी पोस्‍ट पर भड़क उठी भाजपा, कहा आतिशि माफी मांगो

नई दिल्‍ली। आम आदमी पार्टी दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हमलावर है। पार्टी का आऱोप है कि मुख्यमंत्री की जगह उनके पति मनीष गुप्ता उनका कामकाज संभाल रहे हैं। इसी को लेकर दिल्ली की पूर्व सीएम और आम आदमी पार्टी की वरिष्ठ नेता आतिशी ने मुख्यमत्री रेखा गुप्ता पर जबरदस्त हमला बोला था। उन्होंने कहा था देश के इतिहास में यह पहली बार हुआ होगा कि एक महिला मुख्यमंत्री बनी और सारा सरकारी काम उनके पति संभाल रहे हैं। उन्होंने कहा था कि एक मुख्यमंत्री-पति का सरकार चलाना बेहद खतरनाक है। उनके इस बयान पर अब दिल्ली बीजेपी के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने पलटवार किया है। उन्होंने मांग की है कि आतिशी सीएम रेखा गुप्ता से माफी मांगे।
वीरेंद्र सचदेवा ने उस समय को भी याद दिलाया जब अरविंद केजरीवाल के जेल में रहने के दौरान उनकी पत्नी सीएम की कुर्सी पर बैठकर दिल्लीवालों को संबोधित करती थीं। इसी के साथ उन्होंने आतिशी पर अन्य कई सवाल दागे उन्होंने सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म एक्स पर कहा, आतिशी आपकी यह एक्स पोस्ट देख कर आश्चर्यचकित हूं कि एक महिला होते हुए आपने अपने खुद के परिश्रम से जन सेवा के संकल्प के साथ डूसू छात्रसंघ सचिव से लेकर दिल्ली के मुख्य मंत्री पद तक की यात्रा पूर्ण करने वाली रेखा गुप्ता जी के प्रति अपमान जनक कटाक्ष किया है। रेखा जी के पति द्वारा उनका सहयोग करना पूरी तरह सामान्य है। राजनीति में दैनिक जन समस्याओं का निदान अति आवश्यक है और उसमे जन प्रतिनिधि के परिजनों का पार्टी पदधिकारियों का सहयोग करना सामान्य बात है।
उन्होंने कहा, चलिए अगर आपको यह लगता है कि किसी जन प्रतिनिधि के पति या पत्नी का सहयोग करना लोकतंत्र का अपमान है तो मेरे कुछ सवालों के जवाब दीजिए। उन्होंने एक के बाद एक कई सवाल करते हुए कहा,
1. आप एक पूर्णकालिक महिला मुख्य मंत्री बनी थी तब आपके नेता अरविंद केजरीवाल रोज़ आपको कार्यवाहक मुख्य मंत्री कहते थे — क्या यह लोकतंत्र का अपमान नही था ?
2. आपने स्वंय अपने मुख्य मंत्री कार्यालय में अपनी कुर्सी के बगल में एक सांकेतिक कुर्सी लगाई थी — क्या यह लोकतंत्र का अपमान नही था ?
3. आपके नेता अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद उनकी पत्नी सुनीता केजरीवाल जी ने शीशमहल के मुख्य मंत्री कक्ष की लाल कुर्सी पर बैठ कर दिल्ली वालों को संबोधित किया था। क्या यह लोकतंत्र का अपमान नही था ?
4. आतिशी जी आप जब मुख्य मंत्री थीं उस वक्त सचिवालय में आपके निवास कार्यालय में एक श्री भूपेंद्र चौबे काफी सक्रिय दिखाई देते थे — उनसे आपकी सरकार से क्या सम्बंध था — क्या यह अनुचित हस्तक्षेप लोकतंत्र का अपमान नही था ?
5. मेरी इस पोस्टका चित्र 3 फाइल नोटिंग देखें – अधिकारी श्रीमती सुनीता केजरीवाल के लिए लिखते थे – Hon’ble CM Madam — क्या यह लोकतंत्र का अपमान नही था ?
6. आपकी पार्टी ने डिग्री घोटाले में जेल याफता जितेंद्र तोमर की गृहस्थ पत्नी को रातोंरात एमएलए  बना दिया था – क्या यह लोकतंत्र का अपमान नही था ?
वीरेंद्र सचदेवा ने कहा, आतिशी जी रेखा गुप्ता एक जन नेता हैं। अरविंद केजरीवाल की भाषा में कहूं तो आपकी तरह कार्यवाहक अंगूठा मुख्य मंत्री नही हैं। अगर थोड़ी भी राजनीतिक मर्यादा है तो सोशल मीडिया पोस्ट डिलीट कर रेखा गुप्ता से माफी मांगें।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments