भाजपा की पूनम कठैत बनीं रुद्रप्रयाग जिला पंचायत की अध्यक्ष

रुद्रप्रयाग(आरएनएस)।  रुद्रप्रयाग जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में रोचक मुकाबले में भाजपा की पूनम कठैत ने एक मत से जीत दर्ज की है। इस जीत से भाजपा अत्यधिक उत्साहित है। दोनों विधायकों की मौजूदगी में नव निर्वाचित अध्यक्ष ने नगर में समर्थकों के साथ विजयी जुलूस निकाला। सुबह निर्धारित समय के अनुसार कलेक्ट्रेट में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच जिला पंचायत अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के पदों के लिए मतदान शुरू हुआ। रिमझिम बारिश की फुहारों के बीच सुबह साढ़े दस बजे कांग्रेस के 9 सदस्य वोट देने पहुंचे। पुलिस सुरक्षा के बीच सभी 9 सदस्यों ने बारी-बारी मतदान किया। जबकि इसके कुछ ही देर में भाजपा के एक सदस्य वोट देने पहुंचे। दोपहर डेढ़ बजे भाजपा के 8 और सदस्य वोट देने पहुंचे। इसके बाद सभी सदस्यों ने मतदान किया। इधर, बड़ी संख्या में कलेक्ट्रेट मतदान कक्ष से 200 मीटर दूर सड़क पर भाजपा और कांग्रेस के समर्थकों का जमावड़ा लगा रहा। कांग्रेस और भाजपा को उम्मीद थी कि किसी न किसी तरह उन्हें जीत मिल जाएगी। अपराह्न तीन बजे मतदान खत्म होते ही मतगणना शुरू हुई। रिटर्निंग अधिकारी की मौजूदगी में मतगणना शुरू हुई जिसमें भाजपा की पूनम कठैत को 9 मत मिले। जबकि कांग्रेस की प्रीति पुष्पवाण को 8 मत मिले। एक मत अवैध घोषित हुआ। इस तरह एक मत से पूनम कठैत विजयी रही। यदि एक मत अवैध न होता हो रुद्रप्रयाग जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर मतों का अंतर बराबरी पर होने से टाई की स्थिति बन सकती थी। वहीं जिला पंचायत उपाध्यक्ष पर भी रितु नेगी ने भी एक वोट से जीत हासिल की। उन्होंने कांग्रेस के संपंन नेगी को हराया। जीत के बाद भाजपाईयों ने नगर में ढोल नगाड़ों के साथ विजय जुलूस निकाला। साथ ही आतिशबाजी करते हुए खुशी मनाई। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष भारत भूषण भट्ट, विधायक भरत सिंह चौधरी, विधायक आशा नौटियाल, महिला आयोग की उपाध्यक्ष ऐश्वर्या रावत, पूर्व जिलाध्यक्ष महावीर पंवार, पूर्व जिपंअ अमरदेई शाह सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments