भ्रष्टाचार के आरोपों में घिरे बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी इस्तीफा दें: धीरेंद्र प्रताप

हीरे-जवाहरात व करोड़ों की चोरी के बाद अब लैपटॉप गायब होने पर कांग्रेस का हमला, केसी वेणुगोपाल के भव्य स्वागत की तैयारियां पूरी

देहरादून। बदरीनाथ और केदारनाथ मंदिरों में पहले हीरे-जवाहरात व करोड़ों रुपये की चोरी और अब लैपटॉप गायब होने की घटना को लेकर उत्तराखंड कांग्रेस ने बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी पर तीखा हमला बोला है। पार्टी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं प्रवक्ता धीरेंद्र प्रताप ने इन घटनाओं के लिए द्विवेदी को सीधे तौर पर जिम्मेदार ठहराते हुए नैतिकता के आधार पर उनसे तत्काल इस्तीफा देने की मांग की है।

जारी बयान में धीरेंद्र प्रताप ने कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल की टिप्पणी का समर्थन करते हुए कहा कि द्विवेदी द्वारा बदरीनाथ चोरी मामले की जांच के लिए गठित कमेटी बिल्कुल वैसी ही है जैसे दूध की रखवाली की जिम्मेदारी बिल्ली को सौंप दी जाए। उन्होंने कहा कि समय की मांग है कि जब तक जांच में पूरी सच्चाई सामने न आ जाए, तब तक हेमंत द्विवेदी मंदिरों की पवित्रता और पारदर्शिता के लिए अपने पद से इस्तीफा दे दें।

धीरेंद्र प्रताप ने आरोप लगाया कि द्विवेदी पहले भी विवादों में घिर चुके हैं, लेकिन हर बार राज्य सरकार तथा भाजपा-संघ के शीर्ष नेतृत्व ने उन्हें बचा लिया। उन्होंने कहा कि यह बड़े दुर्भाग्य की बात है कि स्वयं को भगवान राम का भक्त बताने वाले लोग आज मंदिरों में चोरी और डकैती जैसे आरोपों में घिर गए हैं।

उन्होंने मंदिरों में चढ़ावा चोरी की शर्मनाक घटनाओं के विरोध में कांग्रेस द्वारा राज्यभर में आयोजित उपवास और सत्याग्रह कार्यक्रमों को व्यापक सफलता बताते हुए कहा कि इसमें राज्य के हजारों लोगों ने हिस्सा लिया। उनके अनुसार इससे साफ हो गया है कि देवभूमि उत्तराखंड की जनता भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को मंदिर चोरी के इस घिनौने कृत्य के लिए माफ करने को तैयार नहीं है और चाहती है कि सभी दोषियों को कड़ी सजा मिले।

इसके साथ ही धीरेंद्र प्रताप ने बताया कि कांग्रेस के शक्तिशाली महासचिव और केरल में पार्टी की जीत के हीरो रहे केसी वेणुगोपाल के स्वागत की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उत्तराखंड की धरती पर पहुंचने पर उनका भव्य स्वागत किया जाएगा।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments