ब्रांच सिनौला, आंगनबाड़ी केंद्र मलसी रोड, जोन मसूरी-55, देहरादून में आयोजित हुआ विशाल रक्तदान शिविर
देहरादून । मानवमात्र के कल्याण और निःस्वार्थ सेवा की भावना को साकार करते हुए संत निरंकारी चैरिटेबल फाउंडेशन द्वारा ब्रांच सिनौला, आंगनबाड़ी केंद्र मलसी रोड, जोन मसूरी-55, देहरादून में एक भव्य रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। यह आयोजन सद्गुरु माता सुदीक्षा जी महाराज के पावन आशीर्वाद और दिव्य मार्गदर्शन में संपन्न हुआ, जिसमें मिशन के 61 भक्तों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर मानव सेवा का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत किया।
शिविर में रक्त संग्रहण के लिए सरकारी दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल के ब्लड बैंक की विशेषज्ञ टीम उपस्थित रही। पूरे आयोजन में सेवा, समर्पण और जनकल्याण की भावना स्पष्ट रूप से दिखाई दी।
इस रक्तदान शिविर का शुभारंभ मसूरी जोन के जोनल इंचार्ज हरभजन सिंह जी के करकमलों द्वारा किया गया। इस अवसर पर उन्होंने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए उनके निस्वार्थ योगदान की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि “रक्तदान जीवनदान है, महादान है। रक्त की कोई जाति नहीं होती। जब किसी व्यक्ति को रक्त की आवश्यकता होती है, तब इंसान ही इंसान के काम आता है।”

कार्यक्रम में उपस्थित जोनल इंचार्ज संयोजक एवं स्थानीय मुखी जीवन सिंह जी ने सभी गणमान्य अतिथियों, रक्तदाताओं, चिकित्सकों और उनकी टीम के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संत निरंकारी मिशन रक्तदान के क्षेत्र में पूरे देश में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। मिशन द्वारा अब तक 9000 रक्तदान शिविरों के माध्यम से लगभग 15 लाख यूनिट रक्त एकत्रित किया जा चुका है, जो जनसेवा के प्रति मिशन की गहरी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
संत निरंकारी मिशन केवल आध्यात्मिक उत्थान तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज कल्याण की अनेक गतिविधियों में निरंतर योगदान दे रहा है। इनमें प्रमुख रूप से रक्तदान शिविर, स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण, महिला एवं बाल विकास सशक्तिकरण योजनाएं, निःशुल्क नेत्र जांच शिविर तथा प्राकृतिक आपदाओं में जरूरतमंदों की सहायता जैसी सेवाएं शामिल हैं। मिशन का उद्देश्य समाज के समुचित विकास के साथ मानवीय मूल्यों को सशक्त करना है।
यह रक्तदान शिविर न केवल सेवा-भाव का प्रतीक बना, बल्कि समाज को यह संदेश भी दे गया कि मानवता की सबसे बड़ी पहचान परोपकार और सहयोग है।


Recent Comments