ब्रजवासी गौ रक्षक सेना को उत्तराखंड में मिला नया नेतृत्व, मनमोहन शर्मा बने प्रदेश अध्यक्ष

दायित्व ग्रहण समारोह में समाजसेवा, गौ संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा पर दिया गया जोर, 155 बार रक्तदान करने वाले डॉ. अनिल वर्मा हुए सम्मानित

देहरादून। उत्तरांचल प्रेस क्लब में आयोजित ब्रजवासी गौ रक्षक सेना भारत (उत्तराखंड) के दायित्व ग्रहण समारोह में संगठन ने एडवोकेट मनमोहन शर्मा को उत्तराखंड प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी। समारोह में देश के संतों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में नए पदाधिकारियों को दायित्व सौंपे गए। वक्ताओं ने गौ संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण और समाजसेवा के क्षेत्र में संगठन की भूमिका को और मजबूत बनाने पर बल दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। समारोह में मुख्य अतिथि धर्मदास जी महाराज तथा अध्यक्षता कर रहे शिवानंद महाराज की मौजूदगी में राष्ट्रीय महासचिव रवि शर्मा ने एडवोकेट मनमोहन शर्मा को प्रदेश अध्यक्ष पद का दायित्व सौंपा। इस अवसर पर विभिन्न सामाजिक संगठनों ने भी उन्हें अलग-अलग जिम्मेदारियां प्रदान कीं। उन्हें मानवाधिकार से जुड़े संगठन में राष्ट्रीय सचिव तथा पर्यावरण संरक्षण अभियान के उत्तराखंड प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी सौंपी गई। वहीं स्वाभिमान मोर्चा ने भी उन्हें अपने प्रदेश अध्यक्ष के रूप में मनोनीत किया।

अपने संबोधन में मनमोहन शर्मा ने कहा कि संगठन ने उन पर जो विश्वास व्यक्त किया है, उस पर खरा उतरने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि गौसेवा, समाजसेवा, मानवाधिकार संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा उनके सार्वजनिक जीवन की प्राथमिकताएं हैं तथा इन विषयों पर जमीनी स्तर पर कार्य किया जाएगा।

मुख्य अतिथि धर्मदास जी महाराज ने कहा कि उत्तराखंड में नए नेतृत्व के माध्यम से गौ संरक्षण अभियान को नई गति मिलेगी। उन्होंने केंद्र सरकार से गौ माता को राष्ट्र माता घोषित करने की मांग दोहराते हुए कहा कि इस विषय पर शीघ्र निर्णय नहीं होने पर व्यापक जनआंदोलन चलाया जाएगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे शिवानंद महाराज ने सामाजिक मूल्यों, सांस्कृतिक चेतना और नैतिक जीवन के महत्व पर अपने विचार रखे। राष्ट्रीय महासचिव रवि शर्मा ने भी गौसेवा को जनआंदोलन का स्वरूप देने की आवश्यकता पर जोर देते हुए ‘घर-घर गौसेवा’ का संदेश दिया।

समारोह के दौरान रक्तदान के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए डॉ. अनिल वर्मा को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। अब तक 155 बार रक्तदान कर चुके डॉ. वर्मा की सेवा भावना की सराहना करते हुए उन्हें सम्मान प्रदान किया गया। सम्मान प्राप्त करने के बाद उन्होंने आयोजकों और उपस्थित संतों का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में सोमदत्त शर्मा, योगेंद्र शंकर, कांग्रेस के पूर्व महानगर अध्यक्ष लालचंद शर्मा, डॉ. आर.पी. भारद्वाज, मोनिका, नीलम शर्मा, योगेंद्र खंडूजा, सुनील रामप्रसाद उपाध्याय, सुधीर वर्मा, उमा शंकर शर्मा, सावित्री शर्मा सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ता, गौसेवक और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। समारोह के अंत में नवदायित्व प्राप्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए संगठन के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments