
देहरादून,07मार्च 2025(आरएनएस ): देहरादून के 47 वार्डों में डोर-टू-डोर कूड़ा उठान के लिए हुए टेंडर में गड़बड़ी की आशंका को देखते हुए हाईकोर्ट ने विजिलेंस जांच के आदेश दिए हैं। जांच टीम ने नगर निगम पहुंचकर दस्तावेज कब्जे में लेने शुरू कर दिए हैं।
हाईकोर्ट में गुरुवार को नगर निगम के टेंडर प्रक्रिया को लेकर सुनवाई हुई, जिसमें टेंडर प्रक्रिया पर सवाल उठने के बाद विजिलेंस को जांच के आदेश दिए गए। कोर्ट ने दो सप्ताह के भीतर जांच पूरी कर रिपोर्ट पेश करने को कहा है।
टेंडर प्रक्रिया पर उठे गंभीर सवाल
करीब तीन से चार महीने पहले नगर निगम ने 47 वार्डों में डोर-टू-डोर कूड़ा उठान के लिए नई कंपनी के चयन हेतु टेंडर जारी किया था। जनवरी में नेचर ग्रीन कंपनी को यह काम सौंपा गया। हालांकि, टेंडर प्रक्रिया में शामिल एक अन्य कंपनी को टेक्निकल बिड में बाहर कर दिया गया, जिसके बाद उसने हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया।
बोली से बाहर हुई कंपनी का आरोप है कि उसे नियम-कायदे पूरे करने के बावजूद टेंडर से बाहर कर दिया गया। इस मामले में कई बार सुनवाई हुई, और नगर निगम ने कोर्ट में अपना पक्ष रखा। अंततः कोर्ट ने संदेह के आधार पर विजिलेंस जांच के निर्देश दिए।
विजिलेंस ने शुरू की जांच, दस्तावेज जब्त
विजिलेंस निदेशक वी. मुरुगेशन ने बताया कि नगर निगम में कूड़ा उठाने वाली कंपनियों के चयन में की गई टेंडर प्रक्रिया की जांच के आदेश हाईकोर्ट से प्राप्त हुए हैं। विजिलेंस टीम ने नगर निगम से सभी संबंधित दस्तावेज एकत्र करने शुरू कर दिए हैं।
कोर्ट के आदेश के अनुसार, शुक्रवार शाम चार बजे तक टेंडर से जुड़े सभी दस्तावेजों के दो सेट विजिलेंस को सौंपने के निर्देश दिए गए हैं। अब विजिलेंस को आगामी 25 मार्च तक जांच पूरी कर हाईकोर्ट में रिपोर्ट प्रस्तुत करनी होगी।
कॉन्फ्लिक्ट ऑफ इंटरेस्ट का मामला, जांच में तेजी
कोर्ट ने टेंडर प्रक्रिया में कॉन्फ्लिक्ट ऑफ इंटरेस्ट के संदेह को देखते हुए जांच को आवश्यक बताया। अब दो सप्ताह के भीतर विजिलेंस की रिपोर्ट के आधार पर हाईकोर्ट अगली सुनवाई करेगा और आवश्यक निर्देश जारी कर सकता है। विजिलेंस टीम ने तेजी से जांच शुरू कर दी है और सभी संबंधित पक्षों से पूछताछ की जा रही है।

Recent Comments