देहरादून। आगामी 13 से 15 दिसंबर तक देहरादून में आयोजित होने जा रही 47वीं All India Public Relations Conference को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। मंगलवार को पीआरएसआई देहरादून चैप्टर के प्रतिनिधिमंडल ने गणेश जोशी, माननीय कैबिनेट मंत्री, उत्तराखण्ड सरकार से शिष्टाचार भेंट कर सम्मेलन में शामिल होने हेतु औपचारिक आमंत्रण दिया।
प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री श्री जोशी को इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय आयोजन की रूपरेखा, विषय-वस्तु और इसमें शामिल होने वाले जनसंपर्क विशेषज्ञों, मीडिया प्रतिनिधियों तथा विभिन्न राज्यों से आने वाले प्रतिभागियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह सम्मेलन उत्तराखण्ड की जनसंपर्क क्षमता, पर्यटन, निवेश एवं जनसरोकारों को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने में अहम भूमिका निभाएगा।
मंत्री गणेश जोशी ने सम्मेलन के सफल आयोजन हेतु शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि उत्तराखण्ड आज विकास, पर्यटन, स्टार्टअप्स और पारदर्शी शासन में नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर है। ऐसे राष्ट्रीय आयोजन राज्य की प्रतिष्ठा को और बढ़ाते हैं तथा पेशेवरों के बीच सार्थक संवाद के लिए मंच तैयार करते हैं।
इस अवसर पर PRSI देहरादून चैप्टर के अध्यक्ष रवि बिजारनिया, सचिव अनिल सती, कोषाध्यक्ष सुरेश भट्ट, अनिल वर्मा सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे। प्रतिनिधिमंडल ने राज्य सरकार के सहयोग एवं सहभागिता के प्रति आभार व्यक्त किया और आशा जताई कि यह सम्मेलन जनसंपर्क क्षेत्र में नवाचार, कौशल विकास और उत्कृष्टता की दिशा में एक महत्वपूर्ण पड़ाव साबित होगा।
देहरादून में तीन दिवसीय यह आयोजन राष्ट्रीय स्तर के मीडिया व संचार विशेषज्ञों की मौजूदगी में विचार-विमर्श, कार्यशालाओं और तकनीकी सत्रों के माध्यम से जनसंपर्क के भविष्य पर व्यापक चर्चा का केंद्र रहेगा।

Recent Comments