टिहरी के डांगचोरा कॉलेज में कैरियर अवेयरनेस प्रोग्राम, छात्रों को AI, साइबर सुरक्षा और नशा मुक्ति पर दी गई जानकारी

टिहरी गढ़वाल। इंटरनेशनल गुडविल सोसायटी ऑफ इंडिया IGSI गढ़वाल चैप्टर द्वारा आज पीएमश्री राजकीय इंटर कॉलेज, डांगचोरा, टिहरी गढ़वाल में स्कूली विद्यार्थियों के लिए कैरियर अवेयरनेस प्रोग्राम का सफल आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को कैरियर मार्गदर्शन, उच्च शिक्षा के अवसरों, कृत्रिम बुद्धिमत्ता AI, साइबर सुरक्षा, नशा मुक्ति और भविष्य की संभावनाओं के प्रति जागरूक करना था।

इस अवसर पर हेमवती नन्दन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के राजनीति विज्ञान विभाग तथा IGSI गढ़वाल चैप्टर के अध्यक्ष प्रो. एम. एम. सेमवाल ने नशा मुक्ति विषय पर विचार रखे। उन्होंने कहा कि युवाओं में नशे की लत एक गंभीर समस्या बनती जा रही है। यह देश की प्रगति और युवाओं की प्रतिभा दोनों को प्रभावित करती है। मादक पदार्थों के कारण युवा तस्करों के चंगुल में फंस जाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और परिवार एवं समाज को भी नशा मुक्ति के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शिक्षित और नशामुक्त युवा ही राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

कार्यक्रम में गढ़वाल विवि के रसायन विज्ञान विभाग तथा IGSI गढ़वाल चैप्टर के सचिव प्रो. एस. सी. सती ने IGSI की स्थापना, उद्देश्यों और समाज सेवा के आयामों पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति प्रेरित किया।

फार्मेसी विभाग के डॉ. राम साहू ने फार्मेसी क्षेत्र में उपलब्ध रोजगार और उच्च शिक्षा के अवसरों की जानकारी दी। ECE विभाग के डॉ. अरुण शेखर बहुगुणा ने इंजीनियरिंग के विभिन्न क्षेत्रों, नई तकनीकों और भविष्य के कैरियर विकल्पों पर चर्चा की। IT विभाग के डॉ. वरुण बड़थ्वाल ने AI एवं साइबर जागरूकता पर व्याख्यान दिया। उन्होंने AI के जिम्मेदार उपयोग, साइबर सुरक्षा, डिजिटल धोखाधड़ी से बचाव और सुरक्षित ऑनलाइन व्यवहार के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि आज के डिजिटल युग में तकनीकी ज्ञान के साथ साइबर सुरक्षा की जानकारी हर विद्यार्थी के लिए जरूरी है।

कार्यक्रम में IGSI के अध्यक्ष तथा विवि के कुलाधिपति डॉ. योगेन्द्र नारायण का विशेष संदेश भी साझा किया गया। उन्होंने विद्यार्थियों को ज्ञान, अनुशासन और नैतिक मूल्यों के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम की सराहना विवि के कुलपति प्रो. श्रीप्रकाश सिंह ने भी की।

कार्यक्रम का मुख्य संदेश Know Today, Choose Tomorrow, Shape Your Future रहा। विद्यार्थियों ने उत्साह से भाग लिया और विशेषज्ञों से प्रश्न पूछकर अपनी जिज्ञासाएं शांत कीं।

अंत में विद्यालय के प्रधानाचार्य सीपी देवली ने भविष्य में भी छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए ऐसे कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में शिवसिंह नेगी, एस चौधरी, डॉ राम सिंह बिष्ट, आर एस बिष्ट उपस्थित रहे।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments