

विकास भवन में चित्र पर माल्यार्पण, प्रभात फेरी और स्कूलों में निबंध-चित्रकला प्रतियोगिताओं का हुआ आयोजन
उत्तरकाशी। टिहरी जनक्रांति के जननायक एवं अमर शहीद श्रीदेव सुमन के बलिदान दिवस के अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी जय भारत सिंह ने विकास भवन परिसर में उनके चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि अमर शहीद श्रीदेव सुमन का त्याग, संघर्ष और राष्ट्र तथा समाज के प्रति समर्पण सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। उन्होंने कहा कि श्रीदेव सुमन ने टिहरी रियासत की दमनकारी नीतियों के विरुद्ध लोकतांत्रिक अधिकारों एवं जनहित के लिए संघर्ष करते हुए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान दिया। उनका जीवन सत्य, न्याय, स्वाभिमान तथा जनसेवा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी श्रीदेव सुमन के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया तथा उनके आदर्शों एवं विचारों को आत्मसात करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर उपस्थित सभी अधिकारियों-कर्मचारियों ने अमर शहीद के प्रति अपनी कृतज्ञता एवं सम्मान व्यक्त किया।

श्रीदेव सुमन दिवस के अवसर पर उत्तरकाशी में जिलेभर में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें प्रभात फेरी, माल्यार्पण एवं पौधारोपण जैसे कार्यक्रम शामिल रहे। इसके साथ ही विभिन्न शिक्षण संस्थानों में निबंध, चित्रकला, भाषण और नाटक प्रतियोगिताओं का आयोजन कर युवाओं को श्रीदेव सुमन के संघर्ष, त्याग और बलिदान से प्रेरणा लेने का संदेश दिया गया।

Recent Comments