

देहरादून। उत्तराखंड केंद्रीय पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन के पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों ने बुधवार को सहस्त्रधारा रोड स्थित जया सिद्धार्थ हॉस्पिटल का भ्रमण कर अस्पताल प्रबंधन के साथ सीजीएचएस से संबंधित विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की। इस दौरान अस्पताल प्रबंधन ने सीजीएचएस लाभार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी दी।
अस्पताल के प्रमुख मुनीश भारद्वाज, प्रबंधक मार्केटिंग सचिन सिन्हा एवं अजीत जोशी ने एसोसिएशन के पदाधिकारियों का स्वागत किया और अस्पताल का भ्रमण कराते हुए विभिन्न चिकित्सा सुविधाओं और सेवाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
एसोसिएशन के अध्यक्ष बी.एस. नेगी ने संगठन की गतिविधियों एवं पेंशनर्स की समस्याओं से अस्पताल प्रबंधन को अवगत कराया। उन्होंने आग्रह किया कि सीजीएचएस पेंशनर्स के ऐसे आश्रित, जो सीजीएचएस सुविधा के दायरे में नहीं आते और गंभीर बीमारियों से जूझ रहे हैं, उन्हें भी मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए सीजीएचएस दरों पर उपचार उपलब्ध कराने की संभावनाओं पर विचार किया जाए। संयोजक डॉ. स्वामी एस. चंद्रा ने अस्पताल प्रबंधन से मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा वरिष्ठ नागरिकों के प्रति विशेष संवेदनशीलता बरतने का अनुरोध किया।
संरक्षक तिलक राज शर्मा ने पेंशनर्स को सीजीएचएस के तहत आने वाली विभिन्न परेशानियों पर प्रकाश डाला। वहीं महासचिव रविन्द्र दत्त सेमवाल ने अस्पताल प्रबंधन का आभार व्यक्त करते हुए संगठन की ओर से प्रकाशित कैलेंडर एवं डायरी भेंट की।

बैठक में महासचिव सेमवाल ने बताया कि 10 सितंबर को शाम चार बजे मिलन विहार, डीडी-1, जीएमएस रोड पर महापंचायत बैठक आयोजित की जाएगी। इसका आयोजन एडिशनल डायरेक्टर डॉ. अश्वनी सन्यारे द्वारा किया गया है। इसमें संगठन के सदस्य अपनी समस्याएं एवं सुझाव सीधे पटल पर रख सकेंगे। इससे पूर्व दोपहर दो बजे केंद्रीय एडवाइजरी कमेटी की बैठक होगी, जिसमें पेंशनर्स से जुड़े ज्वलंत मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।
बैठक में इंडेंट के माध्यम से खरीदी गई दवाइयों की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित करने, डीडी-2 में आयुर्वेदिक दवाइयों की कमी दूर करने, हाथीबड़कला डिस्पेंसरी को शीघ्र शुरू करने तथा लाभार्थियों के मेडिकल क्लेम का जल्द निस्तारण करने जैसे मुद्दे प्रमुखता से उठाए जाएंगे।
इस अवसर पर संयोजक तिलक राज शर्मा, उपाध्यक्ष हरिंदर कल, सचिव पी.के. सिंह, कोषाध्यक्ष अनिल कुमार उनियाल, संगठन मंत्री विमल कांत, प्रचार सचिव राजेंद्र प्रसाद शास्त्री, सह कोषाध्यक्ष अरविंद कुमार बहुखंडी सहित एच.एस. काला, श्रीकांत विमल, शांति प्रसाद, अवनीश कांत, बी.एस. राणा, जया नंद घिल्डियाल, गणेश कोठारी एवं अस्पताल स्टाफ मौजूद रहा। अंत में संयोजक डॉ. स्वामी एस. चंद्रा के धन्यवाद ज्ञापन के साथ बैठक का समापन हुआ।

Recent Comments