

पेंशनर्स एसोसिएशन की बैठक में एडी सीजीएचएस अश्विनी कुमार सेनियारे ने दिए कई अहम आश्वासन, हरिद्वार-कोटद्वार में भी खुलेंगे नए सेंटर
देहरादून: संचार निगम पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन (एसएनपीडब्ल्यूए) की अपर निदेशक सीजीएचएस अश्विनी कुमार सेनियारे के साथ हुई बैठक में उत्तराखंड में सीजीएचएस वेलनेस सेंटरों के सुदृढ़ीकरण और विस्तार पर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में सीजीएचएस लाभार्थियों, विशेषकर पेंशनरों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर निर्णय लिए गए।
एडी सेनियारे ने बताया कि हल्द्वानी में स्वीकृत फुल-फ्लैज वेलनेस सेंटर अक्टूबर 2026 से फंक्शनल हो जाएगा। भवन निर्माण की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और जरूरी उपकरणों की खरीद तथा स्टाफ की तैनाती अंतिम चरण में है। इसके साथ ही सर्वे ऑफ इंडिया की डिस्पेंसरी को सीजीएचएस वेलनेस सेंटर में बदलने को उन्होंने अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता बताया। उनके अनुसार यह डिस्पेंसरी पहले से पूरी तरह सुसज्जित है, जिससे इसके कन्वर्जन से डॉक्टरों सहित पूर्ण स्टाफ वाला वेलनेस सेंटर मिल जाएगा और इस प्रस्ताव को लगभग अंतिम रूप दिया जा चुका है।
देहरादून स्थित वेलनेस सेंटरों में डॉक्टरों के रिक्त पदों को लेकर भी एडी सेनियारे ने भरोसा दिलाया कि नियुक्ति के प्रयास लगातार जारी हैं और जल्द ही पद भरे जाएंगे। इसके अलावा हरिद्वार और कोटद्वार में नए वेलनेस सेंटर खोलने के लिए भी प्रयास किए जाने का आश्वासन दिया गया, जिसके लिए एसोसिएशन को भी उचित जस्टिफिकेशन के साथ अपने स्तर से प्रयास करने को कहा गया।
एडी सीजीएचएस ने यह भी बताया कि देहरादून के अलावा अन्य शहरों में भी कई नए अस्पतालों और डायग्नोस्टिक सेंटरों के एम्पेनलमेंट की कार्यवाही चल रही है, जिसके लिए उन्होंने एसोसिएशन से एनएबीएच एप्रूव्ड, दो करोड़ से अधिक वार्षिक टर्नओवर और न्यूनतम 30 बेड वाले अच्छे अस्पतालों के नाम सुझाने की अपेक्षा जताई।
बैठक के अंत में एडी सेनियारे ने पेंशनरों को जागरूक करने की दिशा में एसोसिएशन के प्रयासों की सराहना की, जबकि एसोसिएशन ने सीजीएचएस सेवाओं में सुधार के लिए उनके प्रयासों के प्रति आभार जताया। बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई, जिसमें सीजीएचएस से डॉ. शिवानी तथा एसोसिएशन से एस.एस. रौथाण, संजय बिश्नोई, राजीव शर्मा खनसाली, रणजीत बंदूनी, उदयभान शर्मा और एल.एन. त्रिपाठी उपस्थित रहे।

Recent Comments