चमोली: टीएचडीसी टनल हादसे की समीक्षा बैठक, आयुक्त ने रेस्क्यू में तेजी और श्रमिक हितों पर दिया जोर

चमोली। गढ़वाल मंडल आयुक्त आनन्द स्वरूप की अध्यक्षता में सोमवार को जिला सभागार गोपेश्वर में टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में हुए हादसे की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में रेस्क्यू अभियान की प्रगति, एजेंसियों के बीच समन्वय और प्रभावित श्रमिकों के हितों पर विस्तृत चर्चा हुई।

अधिकारियों ने बताया कि हादसे में कुल 22 श्रमिक प्रभावित हुए थे। अब तक 12 श्रमिकों को सकुशल बाहर निकाल लिया गया है। इनमें 7 श्रमिक जिला अस्पताल गोपेश्वर में और 1 श्रमिक एम्स ऋषिकेश में उपचाराधीन है। हादसे में 8 श्रमिकों की मृत्यु हो चुकी है, जबकि 2 श्रमिक अब भी लापता हैं। लापता श्रमिकों की तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है।

आयुक्त ने निर्देश दिए कि लापता श्रमिकों की खोज और बचाव कार्य पूरी गंभीरता व तेजी से चलाया जाए। उन्होंने रेस्क्यू में लगी सभी एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय और संसाधनों के प्रभावी उपयोग पर बल दिया। साथ ही कहा कि रेस्क्यू कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।

बैठक में जानकारी दी गई कि अब तक टनल से तीन मशीनें हटाई जा चुकी हैं। एक एक्सकेवेटर और एक डम्पर को हटाने का काम जारी है। आयुक्त ने शेष मशीनरी को जल्द हटाकर टनल के अंदर खोज-बचाव कार्य में गति लाने के निर्देश दिए। आयुक्त ने आरबीएनएल के साथ प्रभावी समन्वय कर टीएचडीसी से जुड़े रेस्क्यू और अन्य आवश्यक कार्यों में सहयोग बढ़ाने को भी कहा।

श्रमिक हितों की समीक्षा करते हुए आयुक्त ने श्रम अधिकारी को टीएचडीसी परियोजना में कार्यरत श्रमिकों के पीएफ से संबंधित अभिलेखों की जांच कर तथ्यात्मक रिपोर्ट प्राथमिकता से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। यह रिपोर्ट श्रम आयुक्त को भी भेजी जाएगी।

बैठक में जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, उपजिलाधिकारी राज कुमार पांडे, अलकेश नौटियाल सहित टीएचडीसी और संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments