देहरादून,02फरवरी2025(आरएनएस) देवभूमि उत्तराखंड में इस वर्ष की पवित्र चारधाम यात्रा का शुभारंभ 30 अप्रैल से होगा। धार्मिक परंपरा के अनुसार, यात्रा की शुरुआत अक्षय तृतीया पर गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने से होती है। वहीं, बद्रीनाथ धाम के पवित्र कपाट 4 मई, सुबह 6 बजे श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए जाएंगे।
नरेंद्रनगर राज दरबार में हुई घोषणा
बद्रीनाथ धाम के कपाट खोलने की तिथि का निर्धारण वसंत पंचमी के पावन अवसर पर टिहरी के नरेंद्रनगर राज दरबार में विधिवत धार्मिक अनुष्ठान और पंचांग गणना के बाद किया गया। इसके साथ ही, 22 अप्रैल को तिलों का तेल पिरोने की परंपरा निभाई जाएगी, जिसके बाद गाडू घड़ा तेल कलश यात्रा भी शुरू होगी।
केदारनाथ धाम के कपाट खुलने की तिथि महाशिवरात्रि पर होगी घोषित
इसके अलावा, महाशिवरात्रि (26 फरवरी) को केदारनाथ धाम के कपाट खुलने की तिथि तय की जाएगी। मद्महेश्वर और तुंगनाथ धाम के कपाट वैशाखी के दिन खोले जाएंगे।
चारधाम यात्रा की तैयारियों को लेकर प्रशासन और तीर्थ पुरोहितों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। हर साल लाखों श्रद्धालु इन पवित्र धामों के दर्शन के लिए उत्तराखंड आते हैं, जिससे यात्रा को सुचारु और सुरक्षित बनाने के लिए विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

Recent Comments