अल्मोड़ा, 30 नवंबर। चौखुटिया में उपजिला चिकित्सालय की मांग को लेकर चल रहा जनआंदोलन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से हुई वीडियो वार्ता के बाद शनिवार को 20 दिनों के लिए स्थगित कर दिया गया। मुख्यमंत्री ने आंदोलनकारियों को त्वरित और ठोस कार्यवाही का आश्वासन देकर बड़ी राहत दी।
वार्ता के दौरान मुख्यमंत्री ने निर्णायक रुख अपनाते हुए उपजिला चिकित्सालय के लिए जरूरी टोकन राशि शीघ्र जारी करने का ऐलान किया, जिससे निर्माण की प्रक्रिया में तेजी आएगी। साथ ही, उन्होंने क्षेत्र में विशेषज्ञ डॉक्टरों की तैनाती को प्राथमिकता सुनिश्चित की।
मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि चौखुटिया क्षेत्र की सभी जायज मांगों को जमीन पर उतारने के लिए हर जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं और आने वाले दिनों में इसके सकारात्मक नतीजे सामने आएंगे।
इस वार्ता में आंदोलनकारियों के प्रतिनिधि भुवन कठायत एवं अशोक कुमार के साथ-साथ उप जिलाधिकारी सुनील कुमार राज व अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री के स्पष्ट रुख के बाद आंदोलनकारियों ने इस कदम का स्वागत करते हुए आंदोलन स्थगित करने का फैसला किया।

Recent Comments