पौड़ी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज जनपद पौड़ी गढ़वाल के आपदाग्रस्त क्षेत्र सैंजी का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने आपदा प्रभावित ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं जानी और आपदा के कारण हुए नुकसान की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि राज्य सरकार हर परिस्थिति में प्रभावितों के साथ खड़ी है।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी पौड़ी गढ़वाल को निर्देश दिए कि राहत पहुंचाने में कोई कमी न हो। हेलीकाप्टर द्वारा थलीसैंण तहसील के बांकुड़ा और अन्य प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वे भी किया गया।

मुख्यमंत्री ने नौठा में बुराँसी के आपदा प्रभावित परिवारों से मुलाक़ात की और पांच प्रभावितों को राहत राशि के चेक वितरित किए। उन्होंने सैंजी गांव में क्षतिग्रस्त रास्ते से गुजरते हुए प्रभावित परिवारों के घर जाकर उनसे हालचाल लिया। प्रभावितों ने मुख्यमंत्री को अपनी समस्याओं से अवगत कराया एवं राहत कार्यों के लिए उनका आभार व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदा की इस घड़ी में कोई भी खुद को अकेला न समझे, पूरा राज्य पीड़ितों के साथ खड़ा है। उन्होंने जिलाधिकारी को निर्देश दिए कि प्रभावितों के पुनर्वास और विस्थापन की प्रक्रिया तेजी से की जाए।

मुख्यमंत्री ने राहत केंद्रों में बिजली, पानी, शौचालय, दवाई और राशन की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं के लिए गांव में मोबाइल मेडिकल यूनिट्स तैनात करने की भी बात कही, ताकि बीमार, वृद्धजनों, गर्भवती महिलाओं, बच्चों और विशेष रूप से प्रभावित व्यक्तियों को समय पर उपचार मिल सके।
इस दौरान, कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत ने मुख्यमंत्री का धन्यवाद करते हुए पुनर्वास के लिए समिति बनाने की बात कही। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि जिन लोगों की दुकानों और मकानों को क्षति पहुंची है, उनके लिए प्राथमिकता से प्रयास किए जाएंगे।

जिला प्रशासन ने मुख्यमंत्री को बताया कि प्रभावित परिवारों की सूची तैयार कर ली गई है और राहत सामग्री तथा धनराशि वितरित की जा रही है। जिलाधिकारी ने आश्वासन दिया कि प्रत्येक गांव तक प्रशासन की टीम पहुंच रही है और कोई भी राहत से वंचित नहीं रहेगा।


Recent Comments