कैंचीधाम जाम से स्थायी राहत, 18.15 किमी बाईपास से श्रद्धालुओं को बड़ी सुविधा
भवाली बाईपास और शिप्रा नदी पर डबल लेन पुल से ट्रैफिक जाम का अंत
कैंचीधाम दर्शन को सुगम बनाने के लिए सरकार कटिबद्ध : सीएम धामी
नैनीताल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में नैनीताल की बहुप्रतीक्षित कैंचीधाम बाईपास (सैनिटोरियम-रातीघाट) परियोजना तेजी से अंतिम चरण में पहुंच रही है। शनिवार को नैनीताल भ्रमण के दौरान उन्होंने इसका स्थलीय निरीक्षण किया और लोक निर्माण विभाग अधिकारियों को यात्रा सीजन से पूर्व इसे यातायात के लिए खोलने के सख्त निर्देश दिए।
सीएम धामी ने कहा कि विश्व विख्यात कैंचीधाम मंदिर में देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए सुगम व सुरक्षित यातायात राज्य सरकार की प्राथमिकता है। 18.15 किमी लंबे बाईपास से वर्षों पुरानी जाम समस्या का स्थायी समाधान होगा। अधीक्षण अभियंता मनोहर सिंह धर्मशक्तू ने बताया कि 8 किमी सड़क पर हॉटमिक्स पूर्ण हो चुका है (12 करोड़ खर्च), जबकि शेष 10.15 किमी में पहाड़ कटाई समाप्त (5.06 करोड़)। अब 9.81 करोड़ से कलमठ, सुरक्षा दीवारें व अन्य कार्य तेजी से चल रहे हैं। रातीघाट पर 74.15 मीटर मोटर पुल का निर्माण भी शुरू (9.63 करोड़ स्वीकृत)।


इसके बाद सीएम ने 9.99 करोड़ से बने भवाली बाईपास और शिप्रा नदी पर 30 मीटर डबल लेन पुल का निरीक्षण किया। इससे भवाली बाजार में जाम समाप्त होगा और पर्यटकों को निर्बाध आवागमन मिलेगा।
निरीक्षण में श्रमिकों से बात कर उनके कार्य की सराहना की तथा कल्याण व सुरक्षा निर्देश दिए। पर्यटकों ने उत्तराखंड की सुंदरता, व्यवस्थाओं व सुरक्षित वातावरण की प्रशंसा की।

Recent Comments