देहरादून । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मुख्यमंत्री आवास में उत्तराखंड के गांधी के नाम से विख्यात महान राज्य आंदोलनकारी श्री इंद्रमणि बडोनी की जयंती के अवसर पर उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने श्री बडोनी के राज्य निर्माण आंदोलन में दिए गए अमूल्य योगदान को भावपूर्ण स्मरण करते हुए कहा कि उनका समर्पित जीवन संघर्ष, त्याग और जनसेवा का प्रतीक रहा है। उन्होंने कहा कि श्री बडोनी ने उत्तराखंड आंदोलन को नई दिशा और जनशक्ति प्रदान की। उनके विचार, निस्वार्थ सेवा भाव और राज्यहित के प्रति प्रतिबद्धता आज भी प्रेरणास्रोत हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार श्री बडोनी के आदर्शों पर चलते हुए उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने पेशावर कांड के नायक वीर चंद्र सिंह ‘गढ़वाली’ की जयंती पर भी उन्हें नमन किया। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि वीर चंद्र सिंह ‘गढ़वाली’ ने आज़ादी की लड़ाई के दौरान निहत्थी जनता पर गोली चलाने के आदेश को ठुकराकर अद्वितीय साहस, देशभक्ति और नैतिक दृढ़ता का परिचय दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘पेशावर कांड’ भारतीय स्वतंत्रता संग्राम का वह ऐतिहासिक अध्याय है जिसने आंदोलन को नई दिशा और क्रांतिकारी प्रेरणा प्रदान की।
मुख्यमंत्री ने दोनों महान व्यक्तित्वों को उत्तराखंड और राष्ट्र के गौरव का प्रतीक बताते हुए कहा कि उनके आदर्शों से प्रेरित होकर राज्य सरकार उत्तराखंड को विकास, संवेदना और संकल्प के नए आयाम देने के लिए कृतसंकल्प है।

Recent Comments