मुख्यमंत्री धामी ने नेपाल की स्थिति को देखते हुए सीमा सुरक्षा की समीक्षा की, सघन निगरानी के दिए निर्देश

देहरादून।  मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पड़ोसी देश नेपाल में हाल ही में उत्पन्न राजनीतिक हालातों के मद्देनजर राज्य की अंतरराष्ट्रीय सीमाओं पर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। मुख्यमंत्री आवास से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित बैठक में चंपावत, पिथौरागढ़ और उधम सिंह नगर जिलों के अधिकारियों के साथ हुई चर्चा के दौरान सीमा सुरक्षा को चाक-चौबंद करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नेपाल से लगी सीमाओं पर सघन चेकिंग अभियान चलाया जाए और किसी भी असामाजिक तत्व की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जाए। उन्होंने सोशल मीडिया की निगरानी करने तथा अफवाहों और उकसाने वाले कंटेंट पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।

धामी ने कहा कि जिला प्रशासन केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों और एसएसबी के साथ निरंतर समन्वय बनाकर कार्य करे। सीमावर्ती ग्रामीणों, स्थानीय समितियों, पुलिस और वन विभाग के साथ मिलकर सामूहिक भागीदारी से निगरानी व्यवस्था को मजबूत किया जाए।

बैठक में सीमा प्रवेश मार्गों की नियमित मॉनिटरिंग, आवागमन पर सतर्कता और केंद्र सरकार के सुरक्षा दिशा-निर्देशों का कठोरता से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात करने के भी आदेश दिए गए।

इस बैठक में मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक, प्रमुख सचिव (गृह), कुमाऊं मंडलायुक्त, आईजी कुमाऊं तीनों जिलों के जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक और एसएसबी के अधिकारियों ने भाग लिया। सीमा सुरक्षा, सामुदायिक सहयोग और खुफिया तंत्र को मजबूत करने सहित विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत चर्चा हुई।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments