स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने और विकसित उत्तराखंड के संकल्प पर दिया बल
भराड़ीसैंण (गैरसैंण): उत्तराखंड विधानसभा का सत्र इन दिनों गैरसैंण में चल रहा है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अपने मंत्रिमंडल और विधायकों के साथ गैरसैंण पहुंचे हुए हैं। सोमवार की सुबह प्रातः सैर पर निकले मुख्यमंत्री ने एक प्रेरक पहल की।
भ्रमण के दौरान उन्होंने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM) के तहत कार्य कर रही स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से बातचीत की। मुख्यमंत्री ने इन महिलाओं द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण बहनों का समर्पण स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती देने में महत्त्वपूर्ण है। उन्होंने सरकार की योजनाओं और सुविधाओं पर महिलाओं से फीडबैक भी लिया।

मुख्यमंत्री धामी ने इस अवसर पर देवभूमि आने वाले पर्यटकों से विशेष अपील की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान को ध्यान में रखते हुए पर्यटक अपनी यात्रा व्यय का 5 प्रतिशत स्थानीय उत्पादों की खरीदारी में खर्च करें। यह कदम न केवल ग्रामीण महिलाओं की आजीविका को सशक्त करेगा बल्कि उत्तराखंड की संस्कृति और परंपराओं को भी नई पहचान देगा।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री धामी ने विधानसभा परिसर में कार्यरत सफाई कर्मचारियों से भी मुलाकात की। उन्होंने उनके खाने-पीने और रहने की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। सफाई कर्मियों ने सरकार द्वारा मिल रही सुविधाओं के प्रति आभार व्यक्त किया और कहा कि उन्हें बेहतर सहयोग मिल रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण आजीविका को सशक्त करने वाली महिलाएं और स्वच्छता के प्रति समर्पित सफाई कर्मचारी, दोनों ही विकसित उत्तराखंड के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उनका परिश्रम सामूहिक प्रयासों की वह मिसाल है जो राज्य को प्रगति और आत्मनिर्भरता की ओर ले जाएगी।


Recent Comments