बच्चों के हाथ में ‘औजार’ नहीं ‘कलम’ होनी चाहिए: DM सविन बंसल का बालश्रम पर प्रहार

देहरादून: “बच्चों से उनका बचपन और शिक्षा छीनने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। बच्चों के हाथ में भिक्षा का कटोरा या भारी औजार नहीं, बल्कि सिर्फ कलम होनी चाहिए।” इन सख्त अल्फाजों के साथ जिलाधिकारी (DM) सविन बंसल ने राजधानी में बालश्रम के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है।
मंगलवार को DM के निर्देश पर जिले भर में चले एक व्यापक ‘बाल श्रम उन्मूलन अभियान’ में प्रशासन का डंडा चला। संयुक्त टीमों ने ताबड़तोड़ छापेमारी करते हुए 7 बाल श्रमिकों को रेस्क्यू किया और बालश्रम कराने वाले 7 प्रतिष्ठानों के मालिकों के खिलाफ एफआईआर (FIR) दर्ज करा दी है।

जिलाधिकारी के निर्देश पर श्रम विभाग, पुलिस, डीटीएफ (DTF) और ‘बचपन बचाओ आंदोलन’ की संयुक्त टीमें सुबह से ही फील्ड में उतर गईं। शहर के बाजारों, औद्योगिक इकाइयों, गैराज और होटल-ढाबों सहित कुल 23 प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की गई। इस दौरान नाबालिग बच्चों से काम कराते हुए पाए जाने पर दुकान मालिकों में हड़कंप मच गया।

प्रशासन ने विकासनगर, सहसपुर और पटेलनगर क्षेत्रों में विशेष फोकस रखा:

  • विकासनगर: यहाँ 9 संस्थानों पर छापा मारा गया। जीवनगढ़ स्थित ‘एबी फैब्रिकेशन’ और ‘न्यू भारत टायर पंचर’ से 1-1 बाल श्रमिक को मुक्त कराया गया।
  • पटेलनगर: यहाँ सबसे ज्यादा 12 ठिकानों पर रेड हुई। कारगी चौक स्थित ‘दिल्ली ऑटो मोबाइल’, मेंहूवाला में ‘सुहेल बॉडी केयर’ और ‘अख्तर वुड वर्क’ से कुल 3 बच्चों को रेस्क्यू किया गया।
  • सहसपुर: यहाँ ‘श्री बालाजी ऑटो रिपेयर पार्ट्स’ और लांघा रोड स्थित ‘ब्रदर्स रेस्टोरेंट’ से 1-1 बच्चे को मुक्त कराया गया।
    मालिकों पर मुकदमा, बच्चों को मिला संरक्षण
    रेस्क्यू किए गए सभी 7 बाल/किशोर श्रमिकों का तत्काल मेडिकल परीक्षण कराया गया और उन्हें बाल कल्याण समिति (CWC), केदारपुरम के समक्ष प्रस्तुत किया गया। वहीं, जिन 7 प्रतिष्ठानों में ये बच्चे काम करते पाए गए, उनके मालिकों के खिलाफ संबंधित थानों में बाल श्रम निषेध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

जिलाधिकारी सविन बंसल ने स्पष्ट किया कि यह केवल एक दिन की कार्रवाई नहीं है, बल्कि ऐसे अभियान निरंतर जारी रहेंगे। उन्होंने कहा, “जिले में किसी भी प्रकार की अवैध बाल श्रम गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी।” उन्होंने आम जनता से भी अपील की है कि यदि वे कहीं बाल श्रम होता देखें, तो तत्काल प्रशासन को सूचित करें।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments